क्या आप भी फेंक देते हैं मूली के पत्ते? जानिए इनके 5 बड़े हेल्थ बेनिफिट्स
बलिया: अक्सर लोग मूली बड़े चाव से खाते हैं, लेकिन उसके पत्तों को बेकार समझकर फेंक देते हैं. हालांकि, मूली के पत्ते के फायदे बहुत कम लोग ही जानते हैं. आपको बताते चलें कि ये हरे पत्ते सेहत के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं हैं. यह पोषक तत्वों से भरपूर होता है. मूली के पत्तों में आयरन, कैल्शियम, विटामिन A, विटामिन C, फास्फोरस और फाइबर भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है. मूली के पत्ते शरीर को कई तरह की बीमारियों से बचाने में बेहद लाभकारी और गुणकारी है. आगे विस्तार से जानिए…
मूली के पत्ते पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद
बलिया की फेमस आयुर्वेदाचार्य सात साल अनुभवी डॉ. प्रियंका सिंह के अनुसार, मूली के इन पत्तों के नियमित आहार में शामिल किया जा सकता है. हैं. उन्होंने आगे कहा कि मूली के पत्ते पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं. मूली के पत्ते में फाइबर पाया जाता है, जो पेट को साफ रखने में मदद करता है. यहीं नहीं, मूली का पत्ता कब्ज, गैस, पेट फूलने जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है. इसके रोजाना और सही सेवन करने से पाचन क्रिया बेहतर होती है और शरीर हल्का रहता है.
मूली के पत्ते काफी असरदार
इम्युनिटी बढ़ाने के मामले में भी मूली के पत्ते काफी असरदार माने जाते हैं. इसमें विटामिन C और आयरन पाया जाता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं, जिससे थकान कम और शरीर को संक्रमण से लड़ने की ताकत मिलती है. मूली के पत्ते हड्डियों और जोड़ों की मजबूती के लिए भी काफी उपयोगी होते हैं. इसमें कैल्शियम और फास्फोरस पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं और गठिया से जुड़ी तकलीफों को कम कर देते हैं.
हीमोग्लोबिन या एनीमिया में भी फायदेमंद
मूली के पत्ते में आयरन की अधिक मात्रा होने के कारण कम हीमोग्लोबिन या एनीमिया से जूझ रहे लोगों के लिए भी फायदेमंद है. मूली के पत्तों को प्राकृतिक डिटॉक्स फूड माना गया है. यह शरीर में जमा हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में बहुत उपयोगी हैं. इससे खून साफ और त्वचा से जुड़ी समस्याएं जैसे पिंपल्स, खुजली या दाग-धब्बे कम हो सकती है. इसके अलावा, यह पीलिया के मरीजों के लिए भी बहुत लाभकारी है. पीलिया में मूली के पत्ते का उपयोग पारंपरिक रूप से किया जाता आ रहा है.
मूली के पत्ते बहुत उपयोगी
दिल की सेहत के लिए भी मूली के पत्ते बहुत उपयोगी है. यह कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने, ब्लड प्रेशर संतुलित करने और ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में सहायता प्रदान कर सकता है. इन पत्तों का उपयोग कई स्वादिष्ट तरीकों से किया जा सकता है. मूली की पत्ती की सब्जी, पराठों में भरकर, सलाद या जूस निकालकर भी सेवन किया जा सकता है. इसका सादा साग बहुत लाभकारी होता हैं. हालांकि, जो लोग पुरानी बीमारी से ग्रस्त है, उन्हें पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए. क्योंकि यह किन्हीं परिस्थितियों में हानिकारक भी हो सकती हैं.