UP SI भर्ती परीक्षा 2026: चंदौली में कड़े सुरक्षा इंतजाम, नकल पर जीरो टॉलरेंस

0
UP SI भर्ती परीक्षा 2026: चंदौली में कड़े सुरक्षा इंतजाम, नकल पर जीरो टॉलरेंस


Last Updated:

चंदौली में 14 और 15 मार्च को होने वाली यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं. 11 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 14,400 अभ्यर्थी शामिल होंगे. नकल रोकने और परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन ने मास्टर प्लान तैयार किया है.

चंदौली: जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल विहीन संपन्न कराने के लिए चंदौली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. आगामी 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में खाका तैयार कर लिया गया है. पुलिस लाइन स्थित बहुद्देश्यीय हॉल में अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए.

14,400 परीक्षार्थी आजमाएंगे भाग्य

अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी लाइन कृष्ण मुरारी शर्मा की उपस्थिति में आयोजित ब्रीफिंग में बताया गया कि जिले में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. 2 दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 14,400 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे. परीक्षा को सुचारू रूप से चलाने के लिए इसे 2 पालियों में विभाजित किया गया है. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा की शुचिता को बनाए रखना और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकना है.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और रूट प्लान

एएसपी सदर ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम रहेंगे. सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. इसके अलावा, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और प्रमुख चौराहों पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है. संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दें और परीक्षार्थियों के आवागमन में कोई बाधा न आने दें.

इन अभ्यर्थियों का रखा जाएगा ख्याल

चंदौली पुलिस ने केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि अभ्यर्थियों की सुविधा का भी ध्यान रखा है. जिले के होटल, धर्मशालाओं, मंदिरों और सार्वजनिक पार्कों पर पुलिस की सतर्क दृष्टि रहेगी, ताकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को ठहरने या अन्य किसी भी काम में असुविधा न हो. केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है.

भ्रष्टाचार और नकल पर जीरो टॉलरेंस

ब्रीफिंग के अंत में अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा पूरी तरह शुचितापूर्ण होनी चाहिए. यदि कोई भी व्यक्ति नकल कराने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने का प्रयास करता पाया गया, तो उसके ख़िलाफ़ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी. चंदौली पुलिस परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

About the Author

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *