200 सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स अखिलेश यादव के लिए साधेंगे चुनावी समीकरण
Last Updated:
UP Politics: 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को टक्कर देने के लिए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव डिजिटल फ़ौज खड़ी करने जा रहे हैं. बीजेपी को डिजिटल प्लेटफार्म पर मात देने के लिए सपा ने बुधवार को लखनऊ में 200 से ज्यादा मीडिया इनफ्लुएंसर्स की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. ये सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स समाजवादी पार्टी के लिए डिजिटल प्लेटफार्म पर माहौल तैयार करेंगे.
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की फ़ौज खड़ी कर रहे अखिलेश
लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने अपनी डिजिटल फ़ौज को मैदान में उतारने का फैसला किया है. पार्टी ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के एक बड़ी टीम की बैठक 18 मार्च को लखनऊ स्थित अपने मुख्य कार्यालय में बुलाई है. सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने 200 से अधिक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स को इस मीटिंग में बुलाया है. बैठक सुबह 11 बजे शुरू होने वाली है. इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता इनफ्लुएंसर्स से सीधा संवाद करेंगे और आगामी चुनाव में सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल पर चर्चा करेंगे.
सपा इस कदम के जरिए युवाओं और डिजिटल दुनिया से जुड़े वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है. पार्टी का मानना है कि आज के समय में सोशल मीडिया न केवल जनमत बनाने का सशक्त माध्यम है, बल्कि सियासी समीकरणों को प्रभावित करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है. इनफ्लुएंसर्स के माध्यम से पार्टी अपनी विचारधारा, योजनाओं और मुद्दों को व्यापक स्तर पर फैलाने और युवा मतदाताओं को जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है. यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब सपा 2027 के चुनाव को काफी पहले से तैयारियों में जुट गई है. हाल के महीनों में पार्टी ने डिजिटल कैंपेनिंग, युवा आउटरीच और विभिन्न वर्गों से संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया है. इनफ्लुएंसर्स को शामिल करने का यह प्रयास उसी व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे पार्टी पारंपरिक राजनीति के साथ-साथ आधुनिक डिजिटल टूल्स का बेहतर इस्तेमाल कर सकें.
इनफ्लुएंसर्स की क्रिएटिविटी का फायदा
मीटिंग में शामिल होने वाले इनफ्लुएंसर्स विभिन्न प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम, यूट्यूब, एक्स और अन्य सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं. पार्टी की ओर से उन्हें पार्टी की दृष्टि, भावी कार्यक्रमों और चुनावी मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी. सपा के एक नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, “डिजिटल युग में बिना सोशल मीडिया के कोई भी चुनावी अभियान अधूरा रह जाता है. हम इनफ्लुएंसर्स की क्रिएटिविटी और उनकी पहुंच का फायदा उठाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सपा का संदेश पहुंचाना चाहते हैं. यह बैठक सिर्फ शुरुआत है, आगे और बड़े स्तर पर ऐसे प्रयास किए जाएंगे.” 2027 के विधानसभा चुनाव अभी करीब एक साल दूर हैं, लेकिन सपा की यह सक्रियता दर्शाती है कि पार्टी इस बार डिजिटल फ्रंट पर भी मजबूती से उतरने की तैयारी कर रही है.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें