UP Live: ईद को लेकर यूपी में सुरक्षा सख्त, कहीं ड्रोन तो कहीं चप्पे-चप्पे पर पुलिस

0
UP Live: ईद को लेकर यूपी में सुरक्षा सख्त, कहीं ड्रोन तो कहीं चप्पे-चप्पे पर पुलिस


UP News and Updates in Hindi: अगर आपको उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की मुख्य और ताजा खबरें पढ़नी हैं तो यहां पर आपको सब जानकारी मिलेगी. यहां आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 के साथ…

सिद्धार्थनगर में जिलाधिकारी के निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप

सिद्धार्थनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण में 28 डॉक्टर और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए. जिलाधिकारी ने सभी से स्पष्टीकरण मांगा और एक दिन का वेतन रोक दिया. मरीजों के लिए बेहतर सुविधा न देने और सफाई व्यवस्था ठीक न होने के कारण जिलाधिकारी नाराज दिखाई दिए. उनके निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया.

मऊ में ईद की नमाज के बाद सपा सांसद राजीव राय का बयान

मऊ में ईद की नमाज के दौरान घोसी के सांसद राजीव राय ने कहा कि लखनऊ में हुकूमत किसी भी मौके का फायदा उठा सकती है, इसलिए वह अपने लोगों के बीच रहना जरूरी समझते हैं. उन्होंने कहा कि जो अमन के दुश्मन हैं और समाज में नफरत फैलाने की कोशिश करते हैं, उन्हें मोहब्बत से ही परास्त किया जाएगा. सांसद राजीव राय ने भरोसा दिलाया कि वह अपने लोगों के बीच भाई और बेटा बनकर रहेंगे और देश की एकता बनी रहेगी.

सोनभद्र में ओवरलोड कोयला ट्रक दुर्घटना, एक युवक की मौत

सोनभद्र में ओवरलोड कोयला लदे ट्रक से गिरा एक बड़ा कोयले का चट्टान, जो ट्रक के पीछे चल रहे बाइक सवारों के ऊपर आ गिरा. हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हुआ. घटना एनसीएल खड़िया और दूधीचुआ के बीच रेलवे ट्रैक पार करते समय हुई. स्थानीय लोगों ने शव को रेलवे ट्रैक पर घंटों रखकर जाम किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मौके पर पहुंची शक्तिनगर पुलिस ने लोगों को समझाकर शव अपने कब्जे में लिया. घायल युवक को स्थानीय लोगों ने अस्पताल भेजा. ओवरलोड वाहनों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोग नाराज हैं.

फर्रुखाबाद में एसओजी पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़

फर्रुखाबाद के कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में एसओजी पुलिस की लूट के आरोपियों से मुठभेड़ हुई. आरोपियों ने पहले एक ई-रिक्शा चालक के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था. चेकिंग के दौरान लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें सिपाही दिग्विजय को गोली लगी. पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश उपेंद्र उर्फ रॉकी घायल हो गया. पुलिस ने घायल बदमाश समेत दो आरोपियों को घेरा बंदी कर हिरासत में लिया. घायल बदमाश और सिपाही को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया.

मुख्यमंत्री ने वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का आकलन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हो रही वर्षा के दृष्टिगत निर्देश दिए हैं. उन्होंने ज़िलाधिकारियों को फील्ड में जाकर फसलों को हो रहे नुकसान का तत्काल आकलन कराने का निर्देश दिया. साथ ही राहत आयुक्त को फील्ड के अधिकारियों से सीधा समन्वय बनाए रखने और फसलों को हुई क्षति का आकलन प्राप्त कर समय पर मुआवजे का वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया.

मथुरा में घना कोहरा, राष्ट्रपति का दौरा जारी

मथुरा में घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिसके बीच आज महामहिम द्रौपदी मुर्मू का काफिला निकलेगा. तीन दिवसीय प्रवास के तीसरे दिन वे वृंदावन से गोवर्धन पहुंचेंगी. यहां दानघाटी मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती करने के बाद गोल्फ कार्ट से गिर्राज जी की 21 किमी परिक्रमा करेंगी. परिक्रमा पूरी करने के बाद वे सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से दिल्ली के लिए रवाना होंगी.

कानपुर ईदगाह में उमड़े नमाजी

कानपुर की बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज़ के लिए भारी संख्या में नमाज़ी पहुंचे. सुबह से ही परिसर में भीड़ उमड़ने लगी. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और भारी पुलिस बल तैनात रहा. भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए 250 वालंटियर लगाए गए, जो ह्यूमन चेन बनाकर लोगों को दिशा दे रहे हैं. नमाज़ दो शिफ्ट में अदा कराई जा रही है. प्रशासन ने अपील की है कि सड़क पर नमाज़ न पढ़ें. ईदगाह में पानी, बिजली और पंखों की व्यवस्था भी की गई है. करीब 3 लाख नमाज़ियों के पहुंचने का अनुमान है.

कानपुर पुलिस कमिश्नर को दो मामलों में मानवाधिकार आयोग का नोटिस

मानवाधिकार आयोग ने कानपुर के दो मामालों का संज्ञान लिया है. एक मामला जेल भेजे गए बंदी की मौत है और दूसरा 11 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या का है. आयोग ने कानपुर पुलिस कमिश्नर को नोटिस भेजकर तय समय में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है. दरअसल, 10 मार्च को कानपुर की जूही थाने की पुलिस ने चोरी के आरोप में 26 वर्षीय रंजीत को गिरफ्तार किया था. कोर्ट में पेश करने के उसे जेल भेजा गया था. 11 मार्च की शाम उसकी तबीयत बिगड़ी थी.

सोनभद्र में बिजली व्यवस्था चरमराई

सोनभद्र में गर्मी शुरू होते ही ओबरा की बिजली व्यवस्था चरमराई. दोपहर में 5 घंटे तो रात में फॉल्ट के नाम पर 7 घंटे तक विद्युत कटौती से लोग त्रस्त. रोज अनियंत्रित कटौती से लोगों का घर में रहना हुआ मुश्किल. नवरात्र में भी 10-10 घंटे विद्युत कटौती से बिजली विभाग पर प्रश्न चिन्ह खड़ा हो रहा है.

संगम नगरी में पूरी अकीदत के साथ मनाई जा रही ईद

ईद यानि ईद उल फितर का त्यौहार आज मनाया जा रहा है. संगम नगरी में पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनायी जा रही ईद. इस मौके पर ईदगाह में सुबह नौ बजे नमाज अदा की जाएगी. जामा मस्जिद समेत दूसरी मस्जिदों में भी ईद की विशेष नमाज अदा होगी. ईद की नमाज को लेकर सुरक्षा के बेहद चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं. पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं. संवेदनशील इलाकों में पीएसी और आर ए एफ को भी तैनात किया गया है. ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही है.

ईद की नामाज को लेकर पुलिस अलर्ट

उन्नाव में ईद की नमाज को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट है. इसी को लेकर डीएम गौरांग राठी और एसपी जेपी सिंह ने निरीक्षण किया. नमाज से पहले ईदगाहों के पास किया निरीक्षण. डीएम और एसपी ने ईद की नमाज को लेकर निर्देश दिए. ईद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम हैं.

हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: गर्भस्थ शिशु की मृत्यु पर भी मिलेगा अलग मुआवजा
हाईकोर्ट लखनऊ बेंच ने अहम फैसला देते हुए कहा है कि पांच माह से अधिक के गर्भस्थ शिशु को कानून की नजर में व्यक्ति माना जाएगा और उसकी मृत्यु पर अलग से मुआवजा दिया जाएगा. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि गर्भस्थ शिशु की मौत को स्वतंत्र जीवन की हानि माना जाएगा. यह आदेश सुखनंदन की अपील पर दिया गया, जो रेलवे क्लेम्स ट्रिब्यूनल के फैसले के खिलाफ दाखिल की गई थी. मामला 2018 में बाराबंकी स्टेशन पर गर्भवती महिला की मौत से जुड़ा है, जिसमें अब शिशु के लिए भी मुआवजे का अधिकार तय किया गया.

सोनभद्र हादसा: रेलवे ट्रैक पर गिरी कोयले की चट्टान, युवक की मौत पर हंगामा
सोनभद्र के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर कोयले की बड़ी चट्टान गिरने से एक युवक की दबकर मौत हो गई. यह हादसा एनसीएल खड़िया और दूधीचुआ के बीच हुआ. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शव को ट्रैक पर रखकर घंटों हंगामा किया और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मौके पर पहुंची शक्तिनगर पुलिस लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही.

संभल हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत, पांच घायल
संभल के चंदौसी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक सवार की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए. सभी लोग देर रात ईद की खरीददारी के लिए बाजार जा रहे थे. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. घटना संभल कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है.

बुलंदशहर मुठभेड़: अनिल मावी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता घायल
बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अनिल मावी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता निवेश उर्फ नैनु घायल हो गया. जौली गांव निवासी आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने उसके पास से चोरी की बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किए. आरोपी पर आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. गौरतलब है कि 4 मार्च को होली के दिन जौली गांव के पास ताबड़तोड़ फायरिंग कर अनिल मावी की हत्या कर दी गई थी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *