चारबाग से बसंतकुंज तक कब दौड़ेगी मेट्रो? CM योगी आदित्यनाथ ने तय कर दी डेडलाइन
Last Updated:
Lucknow Metro: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ मेट्रो के सेकंड फेज को कम्पलीट करने की डेडलाइन तय कर दी है. मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए है कि गुणवत्तापूर्ण काम के साथ 2030 तक चारबाग से बसंतकुंज के बीच मेट्रो चलनी चाहिए.
2030 में चारबाग से बसंतकुंज तक दौड़ेगी लखनऊ मेट्रो
लखनऊ. राजधानी लखनऊ में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार कार्य अब तेज गति पकड़ने वाले हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन से वसंतकुंज तक प्रस्तावित ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर को वर्ष 2030 तक पूरा कर मेट्रो संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
यह कॉरिडोर लगभग 11.16 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें 7 भूमिगत और 5 एलिवेटेड होंगे. यह लाइन पुराने लखनऊ के घने इलाकों को जोड़ते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी और चारबाग क्षेत्र से वसंतकुंज की ओर आवागमन को आसान बनाएगी.
गुणवत्ता पर जोर
बैठक में सीएम योगी ने मेट्रो परियोजनाओं को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में पारदर्शिता बरती जाए, नियमित समन्वय बैठकें आयोजित की जाएं और मेट्रो स्टेशनों तथा डिपो पर कमर्शियल गतिविधियां बढ़ाकर गैर-टिकट राजस्व को भी मजबूत किया जाए.
मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी
वर्तमान में लखनऊ मेट्रो का करीब 23 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर पूरी तरह से संचालित है. नए विस्तार से पुराने शहर के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और अंतिम छोर की सुविधा को भी मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को सुगम और आरामदायक सफर मिल सके. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम (UPMRC) के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. यह विकास लखनऊ को आधुनिक और विश्वस्तरीय शहरी परिवहन व्यवस्था से लैस करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें