नोएडा की सोसायटी में कंबल ओढ़कर आए चोर, लाखों का गोल्ड-कैश उड़ाया, दहशत में रेज‍िडेंट्स

0
नोएडा की सोसायटी में कंबल ओढ़कर आए चोर, लाखों का गोल्ड-कैश उड़ाया, दहशत में रेज‍िडेंट्स


Last Updated:

नोएडा में चोरी की बड़ी वारदात से रेज‍िडेंट्स में दहशत है. सेक्‍टर 34 स्‍थ‍ित उदयग‍िरी बी-9 सोसायटी में चोरों ने बुधवार की रात को लाखों रुपये का सोना और कैश उड़ा लि‍या. सोसायटी की दीवार फांदकर 3 चोर घुसे थे, ज‍िन्‍होंने उन्‍हीं घरों को न‍िशाना बनाया, ज‍िनमें उस रात कोई मौजूद नहीं था. पुल‍िस में मामले की र‍िपोर्ट दर्ज कर ली गई है.

Zoom

नोएडा की सोसायटी में कंबल ओढ़कर आए चोर और लाखों का सोना और पैसे कर ले गए पार..

Noida Theft: नोएडा सेक्टर-34 में चोरी की बड़ी वारदात ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है. 25 मार्च की रात को कंबल ओढ़कर सोसायटी में घुसे चोरों ने पहली मंज‍िल पर मौजूद एक फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों का सोना और कैश पार कर दिया. इतना ही नहीं चोरों ने इसी सोसायटी में एक और फ्लैट में भी चोरी के इरादे से दरवाजा तोड़ने की कोशिश की. ये दोनों घटनाएं उस वक्त हुईं, जब दोनों ही फ्लैट के निवासी रात में फ्लैट पर मौजूद नहीं थे. अभी तक सेफ मानी जाने वाली इस सोसायटी में एक ही रात में हुई इन घटनाओं से रेजिडेंट्स की नींद हराम हो गई है.

सोसायटी में लगे सीसीटीवी से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात करीब 1 बजकर 42 मिनट पर कंबल ओढ़े हुए तीन चोर सोसायटी के पीछे वाली ग्रीनबेल्ट साइड में नाले की तरफ से दीवार फांदकर सोसायटी के अंदर घुसे और करीब पौने दो घंटे तक फ्लैट के अंदर चोरी की घटना को अंजाम देते रहे. ये चोर चोरी करने के बाद 3 बजकर 28 मिनट पर वापस उसी ओर से बाहर भी निकल गए.

चोरी की इस वारदात को लेकर अरावली पुल‍िस चौकी सेक्‍टर 34 में श‍िकायत दर्ज करा दी गई है. पीड़ितों की ओर से बताया गया कि चोरी में लाखों रुपये की कीमत के सोने के जेवर और घर में रखा कैश गायब हुआ है. दिलचस्प बात है कि चोरी से पहले चोरों ने उस पूरी बिल्डिंग में ऊपर के फ्लैटों में भी झांका और फिर छत पर चढ़कर भी नजारा भांपा और फिर चोरी को अंजाम दिया.

कई हैं सवाल, रेजिडेंट्स बेहाल

  1. .चोरी की इस घटना से कई सवाल पैदा हो रहे हैं, मसलन वारदात के दिन उन्ही घरों को निशाना बनाया गया, जिनमें उस रात कोई घरवाला मौजूद नहीं था. आखिर इस बात की जानकारी चोरों को कैसे हुई?
  2. . जिस जगह से चोरों ने एंट्री ली, वहां से करीब 5 मिनट पहले ही नाइट ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड गुजरकर निकला था. सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है कि गार्ड ने वहां पलटकर भी दूसरी बार देखा लेकिन कुछ नहीं दिखा, क्या चोरों को गार्ड की टाइमिंग का पता था?
  3. . चोरों ने पीछे की दीवार फांदकर जहां से सोसायटी में एंट्री ली, वे वहां से काफी दूर तक किनारे-किनारे चले और फिर फ्लैट की ओर मुड़े और वहीं ठीक उनके सिर के ऊपर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब पड़ा था, आखिर कैसे? जबकि दूर वाले कैमरे में वे रिकॉर्ड हो गए.
  4. . क्या चोरों ने वारदात से पहले सोसायटी की रेकी की थी और सोच लिया था कि किस फ्लैट को निशाना बनाना है?

इस बारे में फ्लैट 55 डी में रहने वाली रेज‍िडेंट रेनु सक्सेना ने बताया कि जिस घर में चोरी हुई है वह फ्लैट उनकी ही बिल्डिंग में पहली मंजिल पर है और वे टॉप फ्लोर पर रहते हैं. उन्होंने कहा, ‘यहां के सुरक्षित माहौल के बारे में सुनकर मैं अपने बेटे के साथ करीब एक साल पहले ही यहां शिफ्ट हुई थी, लेकिन ठीक मेरे पास के फ्लैट में हुई इस चोरी के चलते अब काफी डर लग रहा है. 54-डी फ्लैट के सामने लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोरी से पहले चोरों ने पूरी बिल्डिंग का जायजा लिया है और वे हमारे फ्लैटों तक आए हैं और घरों की तरफ कई बार झांक-झांक कर देख रहे हैं, फिर खुली सीढ़ियों से छत तक गए हैं और वहां कुछ देर रुके हैं. यह बहुत चिंता की बात है. ये चोर पकड़े जाने चाहिए और सोसायटी की सुरक्षा मजबूत होनी चाहिए.’

वहीं रेजिडेंट सुशील कुमार ने कहा, ‘हमारी सोसाइटी में हुई चोरी की घटना अत्यंत निंदनीय है और ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी. सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है, इसके बावजूद घटना का होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता जताती हैं, जिसे तुरंत सुधारने की जरूरत है.आरडब्ल्यूए को पुलिस के साथ मिलकर सोसाइटी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना चाहिए और जहां भी खामियां हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों. साथ ही, सोसाइटी के भीतर भी सुरक्षा को और कड़ा किया जाना जरूरी है.

क्या बोले आरडब्ल्यूए अध्यक्ष?

सोसायटी में हुई इस वारदात पर बी-9 सोसायटी की आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष देवेंद्र वत्स ने कहा कि चोरी की इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया है. हालांकि यह घटना काफी खराब है और पीड़ितों के साथ आरडब्ल्यूए खड़ी है, चोरों को जल्द पकड़ा जाएगा. फिलहाल आरडब्ल्यूए इस घटना के बाद से सतर्क हो गई है और सोसायटी के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुछ नई चीजें जोड़ी जा रही हैं.

  • . सोसायटी के गेट नंबर-2 को कुछ दिनों के लिए अस्थाई रूप से बंद किया जा रहा है.
  • . रात को एक एक्स्ट्रा गार्ड ग्रीनबेल्ट साइड में ड्यूटी पर रहेगा.
  • . ग्रीनबेल्ट एरिया में दो नए आईपी कैमरे लगवाए जाएंगे.
  • . जल्द ही फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशंस और यूपी पुलिस के साथ मिलकर डीसीपी लेवल की मीटिंग इन सोसायटीज की सुरक्षा को लेकर की जाएगी.
  • . सोसायटी की बाहरी दीवारों पर और कड़ी फेंसिंग के लिए नोएडा अथॉरिटी से बात की जाएगी.

About the Author

authorimg

प्रिया गौतमSenior Correspondent

Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *