‘इस भव्यता के पीछे किसान’, जेवर एयरपोर्ट को प्रधानमंत्री दिखाने जा रहे हरी झंडी
Last Updated:
Jewar Airport Benefits : कुछ घंटों बाद जेवर ऐतिहासिक बदलाव का गवाह बनने जा रहा है. वर्षों तक पिछड़ेपन और सीमित अवसरों के लिए पहचाना जाने वाला यह इलाका अब देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक की वजह से सुर्खियों में है. 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे हरी झंडी दिखाएंगे. लोकल 18 ने इस बारे में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह से बात की. वे बताते हैं कि 2017 के बाद से जेवर और आसपास के गांवों में विकास की गति तेज हुई है. पहले लोग इस क्षेत्र को केवल एक साधारण ग्रामीण इलाका मानते थे. अब इसकी देश और दुनिया के नक्शे पर अपनी अलग पहचान है.
ग्रेटर नोएडा. उत्तर प्रदेश का जेवर क्षेत्र इन दिनों ऐतिहासिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है. वर्षों तक पिछड़ेपन और सीमित अवसरों के लिए पहचाना जाने वाला यह इलाका अब देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की वजह से सुर्खियों में है. 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से इसके उद्घाटन के साथ ही यह क्षेत्र विकास की नई उड़ान भरने के लिए तैयार है. जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने local 18 से बात करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र रोजगार का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है. उनका कहना है कि यह परियोजना सिर्फ एक एयरपोर्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पूरे इलाके की आर्थिक तस्वीर बदलने वाली है.
बदलने वाली है किस्मत
उन्होंने बताया कि 2017 के बाद से जेवर और आसपास के गांवों में विकास की गति तेज हुई है. सड़क, बिजली, और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ अब बड़े निवेश की संभावनाएं भी खुल गई हैं. पहले लोग इस क्षेत्र को केवल एक साधारण ग्रामीण इलाका मानते थे, लेकिन अब यह देश और दुनिया के नक्शे पर अपनी अलग पहचान बनाने जा रहा है. एयरपोर्ट के बनने से यहां उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलेगा. बड़े-बड़े औद्योगिक घराने इस क्षेत्र में निवेश करने के लिए रुचि दिखा रहे हैं. इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उन्हें काम के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा. विधायक ने कहा कि दिल्ली और उत्तर प्रदेश के आसपास के कई राज्यों के लोग भी यहां रोजगार के लिए आएंगे, जिससे यह क्षेत्र एक आर्थिक हब के रूप में विकसित होगा.
विधायक ने कहा कि एयरपोर्ट को अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा. यहां 50 प्रतिशत से अधिक संचालन वैकल्पिक ऊर्जा पर आधारित होगा, जो इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाता है. स्मार्ट डिजाइन और आधुनिक मशीनों के कारण यात्रियों का समय भी बचेगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी.
इस विकास के पीछे एक महत्त्वपूर्ण भूमिका किसानों की भी रही है. जिस जमीन पर आज यह भव्य एयरपोर्ट खड़ा हो रहा है, वहां कभी जमीन अधिग्रहण एक बड़ी चुनौती हुआ करती थी. विधायक ने बताया कि पहले यहां छोटी-छोटी जमीन के लिए भी विवाद होते थे, लेकिन 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसानों से संवाद स्थापित किया गया. इसके बाद किसानों ने विकास के महत्त्व को समझते हुए इस परियोजना में सहयोग दिया.
सिर्फ औपचारिक कार्यक्रम नहीं
विधायक धीरेंद्र सिंह ने किसानों के इस योगदान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जब भी इस एयरपोर्ट का इतिहास लिखा जाएगा, उनके त्याग को स्वर्ण अक्षरों में याद किया जाएगा. यह विकास केवल उद्योगपतियों के लिए नहीं, बल्कि किसानों और आम जनता के लिए भी समान रूप से लाभकारी होगा. उद्घाटन समारोह को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह से तैयार है. अनुमान है कि इस कार्यक्रम में दो से ढाई लाख लोग शामिल होंगे. गर्मी को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. तीन बड़े पंडाल बनाए जा रहे हैं, जहां लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी. हर ब्लॉक में पानी के डिस्पेंसर लगाए जा रहे हैं और पर्याप्त पार्किंग की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है. आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और उत्सव का क्षण है.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें