Agra Encounter: बच्ची की हत्या कर उसकी लाश कनस्तर में छिपाने वाले सुनील एनकाउंटर में ढेर
Last Updated:
Agra Police Encounter: 8 साल की बच्ची की हत्या कर उसकी लाश को आटे के कनस्तर में छिपाने वाले हत्यारोपित सुनील का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया. सुनील को पुलिस ने जब गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी थी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो उसे गोली लग गई. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
8 साल की बच्ची की हत्या करने वाले आरोपित का पुलिस ने किया एनकाउंटर.
आगराः उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बच्ची की हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया. पुलिस ने फरार हत्यारोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा था. हत्यारोपित सुनील की तलाश में जुटी पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिसके कारण उसको गोली लग गई. इसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसको डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस मुठभेड़ में एक दरोगा के भी गोली लगी है, जिनका इलाज चल रहा है.
आटे के कनस्तर से मिली थी लाश
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुनील जिस मकान में रह रहा था, उसी के मालिक की 8 वर्षीय बेटी की हत्या कर, उसकी लाश आटे के कनस्तर में छिपा दिया था. पुलिस ने सुनील के पास से एक बाइक, तमंचा, कई कारतूस और खोखे बरामद किया है. हत्यारोपित सुनील की तलाश में पुलिस की 12 टीमें जुटी हुई थीं. थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई है.
24 मार्च को लापता हुई थी बच्ची
पुलिस उपायुक्त (नगर) अली अब्बास ने बताया था कि आठ साल की बच्ची ताजगंज थाना क्षेत्र के सिद्धांत नगर से 24 मार्च यानी मंगलवार को लापता हो गई थी, जिसकी सूचना उसके परिजन ने पुलिस को दी थी. उन्होंने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की 12 टीम तैनात की गई थीं और बच्ची के घर के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरा की फुटेज कंगाली गई थी. लेकिन उसका कुछ पता नहीं लग सका था. अब्बास ने बताया कि बाद में शक होने पर, बच्ची के मकान में रह रहे किराएदार सुनील के कमरे का ताला तोड़कर उसकी तलाशी ली गई तो आटे के पीपे में बच्ची का शव बरामद हुआ.
हत्यारोपित ने किया था मदद करने का नाटक
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सुनील फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. उन्होंने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पड़ोस में रहने वाली नीलम नामक महिला ने बताया कि सुनील एक साल से इसी मकान में किराए पर रह रहा था और बच्ची के पिता की जूता निर्माण फैक्टरी में काम भी करता था. उसने बताया कि शुरुआत में सुनील ने बच्ची को ढूंढने में ‘‘मदद करने का नाटक किया. लेकिन इसी बीच अचानक वह अपने कमरे में ताला लगाकर भाग गया’’ जिसके बाद पुलिस को उस पर शक हुआ.
About the Author
प्रशान्त राय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं. प्रशांत राय पत्रकारिता में पिछले 8 साल से एक्टिव हैं. अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए प्रशांत राय फिलहाल न्यूज18 हिंदी के साथ पिछले तीन …और पढ़ें