गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में क्यों है लगना, जब घर बैठे मिल रहा सिलेंडर

0
गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में क्यों है लगना, जब घर बैठे मिल रहा सिलेंडर


मऊ: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच पूरे देश में अफवाहों के चलते लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों के बाहर लाइन लगा रहे हैं, लेकिन गैस सिलेंडर आपके घर पर ही आसानी से मिल सकता है. आइए जानते हैं इसके लिए कौन-सी प्रक्रिया अपनानी होगी और कैसे घर बैठे गैस सिलेंडर मिल सकता है.

गैस सिलेंडर लेने के लिए नए नियम को करें फॉलो

लोकल 18 से बात करते हुए नाथ भारत गैस एजेंसी के प्रोपराइटर पंकज पासवान बताते हैं कि किसी भी उपभोक्ता को गैस एजेंसी पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है. सभी एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध है. लोग नियम नहीं जान पा रहे हैं, जिसकी वजह से एजेंसियों के बाहर भीड़ लगा रहे हैं और कतार में खड़े हो जा रहे हैं. लेकिन उन्हें एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने से गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा, जब तक वे पूरे नियम का पालन नहीं करते. वर्तमान में गैस सिलेंडर बुकिंग की प्रक्रिया बदल गई है, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को यह समस्या हो रही है. उपभोक्ता इस प्रक्रिया को समझ नहीं पा रहे हैं और बिना जानकारी के एजेंसियों के बाहर खड़े हो जा रहे हैं.

बुकिंग करने के दो दिन बाद मिलेगा घर पर गैस सिलेंडर

पंकज पासवान बताते हैं कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए अपने मोबाइल नंबर से उपलब्ध विभिन्न माध्यमों के जरिए पहले बुकिंग करनी होगी. बुकिंग करने के बाद घर पर ही गैस सिलेंडर का इंतजार करें, न कि एजेंसी पर जाकर लाइन लगाएं. बुकिंग के दो दिनों के अंदर गैस सिलेंडर घर पर पहुंचा दिया जाएगा. लोग यह सोचते हैं कि आज बुकिंग करने पर आज ही सिलेंडर मिल जाएगा, लेकिन यह संभव नहीं है. बुकिंग के 1 से 2 दिन बाद ही गैस सिलेंडर मिलता है.

बुकिंग के तुरंत बाद नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर

किसी भी गैस एजेंसी पर सिलेंडर की कमी नहीं है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है. बुकिंग के तुरंत बाद गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा. प्रक्रिया बदलने के कारण 2 से 3 दिन का समय लग रहा है. यदि आप आज बुकिंग करते हैं, तो दो दिनों बाद गैस सिलेंडर आपके घर पहुंच जाएगा. बुकिंग के बाद जब पर्ची प्रिंट होती है, तो उपभोक्ता के मोबाइल पर डीएसओ कोड आता है. कोड बताने के बाद ही डिलीवरी करने वाला व्यक्ति गैस सिलेंडर देगा.

पहले बुकिंग के 25 दिन बाद ही दूसरी बुकिंग संभव

अब यदि आपने गैस सिलेंडर की बुकिंग कर ली है और सिलेंडर आपके घर डिलीवर हो गया है, तो 25 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग कर पाएंगे. पहले ऐसा नियम नहीं था, जिसके कारण लोगों को परेशानी हो रही है. उपभोक्ताओं को लगता है कि गैस की कमी के कारण समस्या हो रही है, लेकिन ऐसा नहीं है. गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए यह नियम लागू किया गया है. यदि आप नियमों का सही तरीके से पालन करते हैं, तो गैस सिलेंडर आसानी से आपके घर पहुंच जाएगा. गैस लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *