ओले-बारिश तो कहीं आंधी-तूफान, पूरे हफ्ते दिल्ली-यूपी में मौसम करेगा तांडव: IMD
IMD Alert for Delhi-UP: बिना मॉनसून के मौसम अपने रौद्र रूप में है.इस पूरे हफ्ते में दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का भारी तांडव देखने को मिल सकता है.मौसम के मिजाज में होने वाले बदलाव के चलते कभी तेज आंधी-तूफान तो कहीं कड़कड़ाती बिजली, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को वेदर के इस कोप से बचकर रहने की सलाह दी है.
भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एक बार फिर मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूरे सप्ताह आंधी, बारिश, बिजली गिरने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 80 से 45 प्रतिशत के बीच रही. आज का पूर्वानुमान थंडरस्टोर्म विथ रेन, यानी गरज-चमक के साथ बारिश का है, हालांकि फिलहाल किसी तरह की औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की गई है.
4 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?
4 अप्रैल को भी मौसम का यही रुख जारी रहेगा. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से दोपहर और शाम के समय के लिए अलर्ट जारी किया है. दोपहर में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. शाम के समय भी यही स्थिति बनी रहेगी, जिससे लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.
5 अप्रैल को हो सकती है मूसलाधार बारिश
5 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. तापमान 31 डिग्री (अधिकतम) और 18 डिग्री (न्यूनतम) रहने की संभावना है, जबकि ह्यूमिडिटी 85 से 45 प्रतिशत के बीच रहेगी. 6 अप्रैल को मौसम में थोड़ी राहत देखने को मिलेगी. इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. तापमान 31 डिग्री/17 डिग्री रहने की संभावना है. इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
7 अप्रैल को करवट लेगा मौसम
7 अप्रैल को फिर से मौसम करवट लेगा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. तापमान 33 डिग्री/18 डिग्री रहेगा. वहीं 8 अप्रैल को तापमान 31 डिग्री/17 डिग्री रहने की उम्मीद है.
मौसम विभाग ने दी चेतावनी के साथ सलाह
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. इसका असर दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी पड़ेगा.
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज आंधी और बिजली के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और अनावश्यक यात्रा से बचें.
किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है. आने वाला सप्ताह एनसीआर के लिए मौसम के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है, जहां गर्मी के बीच बारिश और तेज हवाएं लोगों को राहत भी देंगी और सतर्क भी रखेंगी.