सावधान मेरठ! 8 चौराहों पर ITMS सक्रिय, नियम तोड़ते ही घर पहुंचेगा भारी जुर्माना

0
सावधान मेरठ! 8 चौराहों पर ITMS सक्रिय, नियम तोड़ते ही घर पहुंचेगा भारी जुर्माना


Meerut Traffic ITMS Challan: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में अब ट्रैफिक नियमों को तोड़कर भागना नामुमकिन होता जा रहा है. भले ही सड़कों पर आपको पुलिसकर्मी नजर न आएं, लेकिन ‘तीसरी आंख’ यानी इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) आपकी हर हरकत पर पैनी नजर रख रहा है. शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे हाई-टेक कैमरों ने लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों की नींद उड़ा दी है. आलम यह है कि रोजाना सैकड़ों चालान सीधे वाहन स्वामियों के मोबाइल पर पहुंच रहे हैं, जो शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम है.

तीसरी आंख से हो रहे हैं प्रतिदिन सैकड़ों चालान
लोकल-18 की टीम से खास बातचीत करते हुए एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मेरठ के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ITMS प्रणाली पूरी तरह सक्रिय है. मेरठ का कमिश्नरी चौराहा, तेजगढ़ी, जेल चुंगी, गांधी आश्रम, हापुर चुंगी और तेजगढ़ तिराहे सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर इस सिस्टम के जरिए यातायात का संचालन किया जा रहा है.

एसपी ट्रैफिक ने बताया कि जो भी वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते हैं, उनका ‘तीसरी आंख’ के माध्यम से तत्काल चालान किया जाता है. आंकड़ों की बात करें तो शहर में रोजाना 700 से 800 चालान केवल ITMS के जरिए किए जा रहे हैं. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कई बार चालक अनजाने में या जल्दबाजी के चक्कर में नियमों की अनदेखी कर देते हैं, जिससे न केवल उनका चालान कटता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है.

जानिए कैसे काम करता है यह हाई-टेक सिस्टम
शहर के चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे और सेंसर हर गतिविधि को रिकॉर्ड करते हैं. जैसे ही कोई वाहन चालक नियम तोड़ता है, सिस्टम उसकी फोटो कैप्चर कर लेता है. इसके बाद कंट्रोल रूम में बैठी विशेषज्ञों की टीम वाहन की नंबर प्लेट के आधार पर डेटाबेस से जानकारी निकालती है और चालान काटकर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज दिया जाता है.

इन गलतियों पर होती है तत्काल कार्रवाई:

  • बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाना.
  • ट्रिपलिंग (एक बाइक पर तीन सवारी).
  • रेड सिग्नल जंप करना.
  • जेब्रा क्रॉसिंग (सफेद पट्टी) से आगे वाहन खड़ा करना.
  • रॉन्ग साइड ड्राइविंग.

जेब्रा क्रॉसिंग का रखें खास ध्यान, एसपी ट्रैफिक की अपील
एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्र ने विशेष रूप से जेब्रा क्रॉसिंग को लेकर चेतावनी दी है. अक्सर देखा जाता है कि रेड लाइट पर रुकते समय चालक जेब्रा क्रॉसिंग के ऊपर या उससे आगे वाहन खड़ा कर देते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा करना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है और इस पर भी ऑटोमैटिक चालान कट जाता है.

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना केवल दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है. यदि आप मेरठ की सड़कों पर सुरक्षित सफर करना चाहते हैं और भारी-भरकम जुर्माने से बचना चाहते हैं, तो यातायात नियमों को अपनी आदत में शुमार करें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *