अलीगढ़ के रेस्टोरेंट की मशहूर बिरयानी अब घर पर बनाएं, जानें सीक्रेट विधि
Last Updated:
Hyderabadi Dum Biryani Recipe: हैदराबादी बिरयानी केवल एक व्यंजन नहीं, बल्कि भारतीय खानपान की वो विरासत है जिसकी महक मात्र से भूख जाग उठती है. निजामों के रसोईघर से निकलकर दुनिया भर के दिलों पर राज करने वाली यह पारंपरिक बिरयानी अपने खास मसालों, लंबे बासमती चावल और ‘दम’ देने की जादुई तकनीक के लिए जानी जाती है. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में मेडिकल रोड पर स्थित शालीमार रेस्टोरेंट अब इसी नवाबी स्वाद का केंद्र बन गया है. यहां के हेड शेफ वफ़ा निज़ामी न केवल लोगों को यह लजीज स्वाद परोस रहे हैं, बल्कि उन्होंने बिरयानी प्रेमियों के लिए इसके निर्माण की पारंपरिक विधि को भी साझा किया है.
Hyderabadi Dum Biryani Recipe: अलीगढ़ के मेडिकल रोड पर स्थित शालीमार रेस्टोरेंट में लें असली हैदराबादी दम बिरयानी का नवाबी स्वाद. हेड शेफ वफ़ा निज़ामी ने साझा की पारंपरिक रेसिपी, जिसमें लंबे बासमती चावल, विशेष मैरिनेशन और धीमी आंच पर ‘दम’ देने की अनोखी तकनीक का संगम है. मसालों की खुशबू और चिकन की नरमी के साथ घर पर भी बना सकते हैं रेस्टोरेंट जैसी लजीज बिरयानी. अलीगढ़ के मेडिकल रोड पर स्थित शालीमार रेस्टोरेंट पर इस बिरयानी का शानदार स्वाद लिया जा सकता है. हैदराबादी बिरयानी भारतीय खानपान की एक ऐसी शान है, जिसकी खुशबू और स्वाद देखते ही मुंह में पानी आ जाता है. निज़ामों के दौर से चली आ रही यह पारंपरिक बिरयानी खास मसालों, लंबे बासमती चावल और दम पर पकाने की अनोखी तकनीक से तैयार की जाती है. हर दाने में मसालों का संतुलन और चिकन की नरमी इस बिरयानी को आम बिरयानी से अलग और खास बनाती है. यही वजह है कि हैदराबादी दम बिरयानी देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में बेहद पसंद की जाती है. अब आप इस स्वाद का आनंद घर पर भी ले सकते हैं, तो आइए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी.
बेहतरीन मैरिनेशन: स्वाद की असली जड़
अलीगढ़ के मेडिकल रोड पर स्थित शालीमार रेस्टोरेंट के हेड शेफ वफ़ा निज़ामी बताते हैं कि हैदराबादी बिरयानी अपनी ख़ास खुशबू, मसालों और दम पकाने की पारंपरिक तकनीक के लिए जानी जाती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले बासमती चावल धोकर 30 मिनट के लिए भिगो दिए जाते हैं. दूसरी तरफ, चिकन को दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक के साथ अच्छे से मैरिनेट किया जाता है. इसमें हरी मिर्च, कटा हुआ पुदीना और हरा धनिया मिलाकर कम से कम दो घंटे के लिए रख दिया जाता है, ताकि मसाले मांस के अंदर तक अच्छे से समा जाएं और बिरयानी का स्वाद गहरा हो जाए.
चावल तैयार करने की विधि और प्याज का तड़का
शेफ निज़ामी ने बताया कि इसके बाद एक बड़े बर्तन में पानी उबालकर उसमें तेज पत्ता, इलायची, दालचीनी, लौंग और शाह जीरा डालकर खुशबूदार पानी तैयार किया जाता है. इसी पानी में नमक डालकर चावल को लगभग 70 प्रतिशत तक पकाया जाता है और फिर छान लिया जाता है. अलग से कढ़ाही में तेल गरम कर पतले कटे प्याज को सुनहरा भूरा (बरिस्ता) होने तक तल लिया जाता है. ये तले हुए प्याज बिरयानी को खास मिठास और रंग देते हैं, जो हैदराबादी दम बिरयानी की पहचान है.
दम पकाने की कला और परोसने का तरीका
तैयारी पूरी होने के बाद, एक भारी तले वाले बर्तन में सबसे नीचे मैरिनेट किया हुआ चिकन फैलाया जाता है. उसके ऊपर आधे तले हुए प्याज, फिर चावल की परत डाली जाती है. ऊपर से बचा हुआ प्याज, हरा धनिया, पुदीना, केसर मिला दूध और थोड़ा सा शुद्ध घी डाला जाता है. उन्होंने कहा कि बर्तन को गूँधे हुए आटे से अच्छी तरह सील कर धीमी आंच पर 25 से 30 मिनट तक दम पर पकाया जाता है. दम खुलने पर बिरयानी को हल्के हाथ से मिलाकर गरमागरम रायता और सलाद के साथ परोसा जाता है. इस विधि से तैयार बिरयानी खाने वाले हर इंसान के मुँह से सिर्फ ‘वाह’ ही निकलेगा.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें