गार्डन की शान है अमरिलिस लिली! कम मेहनत में घर को देगा राजसी लुक, जानिए लगाने का तरीका
Last Updated:
Best Flower for Summer: गर्मियों की शुरुआत होते ही बगीचों में अपनी खूबसूरती बिखेरने वाले फूलों में अमरिलिस लिली का नाम सबसे ऊपर आता है. इसे इसकी शानदार बनावट और राजसी लुक की वजह से फूलों का राजा भी कहा जाता है. गाजीपुर के नर्सरी एक्सपर्ट शिववचन माली और हॉर्टिकल्चर विशेषज्ञ वशिष्ठ यति ने इस पौधे को उगाने और इसकी देखभाल करने के कुछ बेहद आसान और असरदार तरीके बताए हैं. अगर आप भी अपने घर को इन रंग-बिरंगे फूलों से सजाना चाहते हैं, तो यह जानकारी आपके बहुत काम आएगी.
Best Flower for Summer: जैसे-जैसे सूरज की तपिश बढ़ रही है, बागवानी के शौकीनों के बीच उन फूलों की तलाश तेज हो गई है जो गर्मी में टिक सकें. इस फेहरिस्त में सबसे ऊपर नाम आता है ‘अमरिलिस लिली’ का. इसे स्थानीय भाषा में लोग सिर्फ लिली के नाम से भी जानते हैं. इस फूल की बनावट इतनी शानदार और शाही होती है कि यह किसी भी साधारण बगीचे को खास बना देता है. गाजीपुर के नर्सरी एक्सपर्ट शिववचन माली ने इस पौधे को घर में उगाने के कुछ ऐसे सरल तरीके बताए हैं, जिन्हें अपनाकर आप भी अपने घर को फूलों से सजा सकते हैं.
कब आती है फूलों की बहार और क्या है इसकी खासियत
शिववचन माली बताते हैं कि अमरिलिस लिली का जीवन चक्र बड़ा ही निराला और समय का पाबंद है. मार्च लास्ट में इसकी हरी पत्तियों के बीच से एक मजबूत डंठल यानी डंडी निकलना शुरू होती है. अप्रैल आते-आते यह डंठल फूलों से लद जाता है. खास बात यह है कि एक ही डंडी पर एक साथ 4, 6 या कभी-कभी 8 फूल तक खिलते हैं. रंगों के मामले में भी यह पौधा काफी बढ़िया है. यह सफेद, नीला, पीला, गहरा गुलाबी और हल्का गुलाबी जैसे पांच आकर्षक रंगों में मिलता है, जो चिलचिलाती धूप में आंखों को सुकून देते हैं.
इस फूल को लगाने की सबसे सरल विधि
माली शिववचन के अनुसार यह पौधा प्याज जैसी दिखने वाली एक गांठ यानी ‘बल्ब’ से तैयार होता है. इसे उगाने का सबसे सही समय बरसात का मौसम है जब इसे मिट्टी में दबाने पर यह आसानी से जड़ पकड़ लेता है. इसके लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम करने की भी जरूरत नहीं है. बस एक गमले में सामान्य मिट्टी लें और उसमें थोड़ी सी पुरानी गोबर की खाद या कंपोस्ट खाद मिला दें. इसे बहुत ज्यादा पानी की जरूरत भी नहीं होती, बस इतना ध्यान रखें कि मिट्टी में हल्की नमी बनी रहे, उतने में ही यह खुशी-खुशी बढ़ता रहता है.
एक्सपर्ट्स की सलाह और कुछ जरूरी सावधानियां
हॉर्टिकल्चर एक्सपर्ट वशिष्ठ यति ने इस पौधे को लेकर एक जरूरी चेतावनी भी दी है. उनका कहना है कि अमरिलिस लिली जितना सुंदर है, उतना ही यह पालतू पशुओं के लिए परेशानी भरा हो सकता है. अगर आपके घर में गाय या बकरी जैसे जानवर हैं, तो इस पौधे को उनसे दूर रखें क्योंकि इसे खाने पर पशुओं को उल्टी या जी मिचलाने जैसी शिकायत हो सकती है. वहीं अंतरराष्ट्रीय शोध बताते हैं कि इस पौधे का असली घर ब्राजील और पेरू है और इसे 18 से 25 डिग्री के बीच का तापमान सबसे ज्यादा पसंद आता है. वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि आप जितनी बड़ी और स्वस्थ गांठ मिट्टी में बोएंगे, फूलों की चमक और उनकी संख्या उतनी ही ज्यादा होगी.
सजावट के बाजार में बढ़ी मांग
अपनी लंबी डंडी और बड़े साइज के फूलों की वजह से अमरिलिस लिली की डिमांड शादियों की सजावट और बुके बनाने में बहुत ज्यादा रहती है. यह दिखने में इतना राजसी लगता है कि इसे घर के किसी कोने में रख देने से वहां की रौनक बढ़ जाती है. अगर आप भी अपने घर की खूबसूरती बढ़ाना चाहते हैं, तो किसी भी सरकारी या प्राइवेट नर्सरी से इसका बल्ब (गांठ) लाकर लगा सकते हैं. यह एक ऐसा पौधा है जिसे एक बार लगाने के बाद आप हर साल गर्मियों में इसके फूलों का आनंद ले सकते हैं.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें