UP Weather: यूपी में थमने वाला है बारिश का दौर, अब सताएगी भीषण गर्मी

0
UP Weather: यूपी में थमने वाला है बारिश का दौर, अब सताएगी भीषण गर्मी


Kal Ka Mausam 10 April: उत्तर भारत में पिछले एक हफ्ते से जारी आंधी-तूफान और झमाझम बारिश के दौर पर अब ब्रेक लगने वाला है. पिछले सात दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब धीरे-धीरे विदा हो रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के लोगों को बारिश से तो राहत मिलेगी, लेकिन सूरज के तेवर तीखे होने वाले हैं. मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि अगले 5-6 दिनों में मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा और तापमान में अचानक 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी देखी जाएगी. यानी, अब ‘कूल-कूल’ मौसम को अलविदा कहने और ‘लू’ के लिए तैयार होने का समय आ गया है.

यूपी में बारिश का दौर खत्म, अब धूप छुड़ाएगी पसीने
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दे रखी थी. प्रदेश के कई हिस्सों, जैसे लखीमपुर खीरी, बहराइच और कानपुर में अच्छी बारिश दर्ज की गई. लेकिन अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का असर अब समाप्त हो चुका है.

अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है. आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी. इसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 8-10°C और न्यूनतम तापमान में 3-5°C तक की क्रमिक वृद्धि हो सकती है. यानी दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगेंगी.

दिल्ली-NCR और गाजियाबाद का क्या है हाल?
गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ और सहारनपुर जैसे पश्चिमी यूपी के जिलों में फिलहाल मौसम साफ है. गाजियाबाद में शुक्रवार (10 अप्रैल) को बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 4-5 दिनों तक यहां बारिश के कोई आसार नहीं हैं. हालांकि, दोपहर में तेज धूप खिलेगी, जिससे अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. राहत की बात बस इतनी है कि सुबह और शाम के वक्त 25-35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जो थोड़ी राहत देंगी.

लखनऊ में मौसम की ‘आंख मिचौली’
राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां 10 और 11 अप्रैल को हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है. 12 से 14 अप्रैल के बीच मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा. इस दौरान लखनऊ का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर जा सकता है.

पिछले 24 घंटों का हाल: बांदा और नजीबाबाद रहे सबसे ठंडे
बीते गुरुवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले. पश्चिमी विक्षोभ के असर से बांदा में रात का तापमान 9.4 डिग्री गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वहीं, नजीबाबाद में 11.5 डिग्री के साथ सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई. मुजफ्फरनगर और अयोध्या में दिन का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे वहां दिनभर ठंडक महसूस की गई. बारिश के आंकड़ों पर गौर करें तो लखीमपुर खीरी में सबसे ज्यादा 15 मिमी बारिश हुई, जबकि कानपुर और लखनऊ में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई.

15 अप्रैल से फिर बदल सकता है मौसम
राहत और गर्मी के इस खेल के बीच मौसम विभाग ने एक और संकेत दिया है. 15 अप्रैल के आसपास एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. यदि यह सिस्टम मजबूत रहा, तो महीने के मध्य में एक बार फिर उत्तर भारत के मौसम में बदलाव आ सकता है. हालांकि, तब तक उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों को भीषण गर्मी और तेज धूप का सामना करना होगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *