मथुरा नाव हादसे में अब तक क्या हुआ? कहां गए वो 5 लोग? रेस्क्यू जारी
Last Updated:
Mathura Boat Accident Update: प्रत्यक्षदर्शियों ने मीडिया को बताया कि तेज हवाओं के कारण नौका बीच नदी में तेजी से डगमगाने लगी, फिर उसकी गति बढ़ गई और वह एक पुल से टकरा गई, इसके बाद नौका पलट गई. अधिकारियों ने बताया कि ये श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना और अन्य शहरों से आए लगभग 150 तीर्थयात्रियों के एक बड़े समूह का हिस्सा थे. यह दुर्घटना केसी घाट के पास तब हुई, जब नौका गहरे पानी में जाने के बाद एक तैरते हुए पोंटून (पीपा पुल का एक हिस्सा) से टकरा गई.
मथुरा में नाव पलटने से 10 लोगों की मौत.
मथुराः उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को यमुना नदी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भरी एक नौका के पलट जाने से उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता हैं. प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि राहत-बचाव कार्य जारी है. मथुरा के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह ने इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया था कि सभी पर्यटक पंजाब के रहने वाले थे. इसके बाद अधिकारियों ने कहा कि बचाव दल ने चार और लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है.
पीएम राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की मदद
बताया जा रहा है कि नौका में दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे. राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें लगभग 50 स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं. इस बीच प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया गया है. सभी मृतकों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है. शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपे गए हैं.
सभी शव पंजाब के लिए हुए रवाना
सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सुरक्षा के बीच प्राइवेट एम्बुलेंस के जरिए शव पंजाब के रवाना हो गए हैं. कमिश्नर आगरा नागेंद्र प्रताप , ADG आगरा अनुपमा कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांडेय ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और शोक संतृप्त परिजनों को अधिकारियों ने ढांढस बंधाया. दोपहर 3 बजे हुए हादसे के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. यमुना की तह में फंसे स्टीमर को निकालने के प्रयास में टीम जुटी हुई है. यमुना एक्सप्रेसवे की हाइड्रा क्रेन के जरिए स्टीमर को निकालने का काम किया गया. वहीं 5 लापता लोगों की तलाश में टीम अभी भी जुटी हुई है.
हादसे पर क्या बोले डीआईजी
मथुरा के DIG शैलेश कुमार पांडे ने कहा, “दोपहर करीब 3.15 PM बजे, यमुना नदी पर एक नाव एक्सीडेंट हुआ, उस जगह पर जहां एक पंटून पुल है. बताया गया है कि नाव पर करीब 25 से 27 लोग सवार थे. अब तक गवाहों के बताए अनुसार, टक्कर का पहला कारण यह लग रहा है कि नाव पंटून पुल से टकरा गई, जिससे यह एक्सीडेंट हुआ. मौके से दस लाशें बरामद की गई हैं. फायर सर्विस और पुलिस की टीमें, लोकल गोताखोरों और नाविकों के साथ, यहां राहत और बचाव के काम में पूरी तरह लगी हुई हैं.
राष्ट्रपति मुर्मू ने हादसे पर जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा में नौका दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में पंजाब के पर्यटकों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने उत्तर प्रदेश के समकक्ष योगी आदित्यनाथ से बात की. इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई.
पंजाब के सीएम मान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की बात
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मान राहत और बचाव कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के साथ लगातार संपर्क में हैं. अधिकांश मृतक लुधियाना के जगराओं कस्बे के निवासी थे. मान ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज मथुरा के पास यमुना नदी में जगराओं कस्बे (पंजाब) के निवासियों को वृंदावन में दर्शन के लिए ले जा रही एक नाव पलट गई। नाव में 32 लोग सवार थे. मुझे बड़े दुख के साथ आपको सूचित करना पड़ रहा है कि कुछ श्रद्धालुओं की डूबने से मृत्यु हो गई है.’’ पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से बात की. पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी. मैं उत्तर प्रदेश सरकार के संपर्क में हूं.’’
About the Author

Prashant Rai am currently working as Chief Sub Editor at News18 Hindi Digital, where he lead the creation of hyper-local news stories focusing on politics, crime, and viral developments that directly impact loc…और पढ़ें