UP: शादी में जयमाला देख रही थी मां, कमरे से मासूम को ले उड़ी अज्ञात महिला

0
UP: शादी में जयमाला देख रही थी मां, कमरे से मासूम को ले उड़ी अज्ञात महिला


Last Updated:

Budaun News: बदायूं में शादी की खुशियों के बीच मातम छा गया जब एक साल का मासूम बच्चा मैरिज हॉल से चोरी हो गया. जयमाला के समय मां बच्चे को कमरे में सुलाकर गई थी, तभी सफेद सूट वाली संदिग्ध महिला बच्चे को लेकर फरार हो गई. पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है. पुलिस की तीन टीमें और SOG आरोपियों की तलाश में जुटी हैं.

Zoom

Budaun Child Theft: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब एक साल का मासूम बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पूरी वारदात मैरिज हॉल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक अज्ञात महिला बच्चे को अपने कंधे पर रखकर ले जाती साफ नजर आ रही है.

जयमाला देखने गई थी मां, पीछे से हो गया कांड
यह मामला इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ‘मोनार्क फार्म’ बैंकट हॉल का है. संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी भूकन सिंह अपनी फुफेरी बहन कामिनी की शादी में शामिल होने परिवार सहित बदायूं आए थे. उनके साथ उनकी पत्नी शांति और तीन बेटे भी थे.

16 अप्रैल की रात करीब 12 बजे जब स्टेज पर जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, तब मां शांति देवी ने अपने एक साल के बेटे सौरभ को पास के ही एक कमरे में सुला दिया. उन्हें लगा कि बच्चा सो रहा है, तो वह कुछ देर के लिए जयमाला देखने चली गईं. लेकिन जब वह करीब एक घंटे बाद वापस लौटीं, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. बिस्तर खाली था और उनका लाल वहां नहीं था.

CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
बच्चे के गायब होने के बाद शादी में अफरा-तफरी मच गई. तुरंत मैरिज लॉन में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया. रात करीब 12:35 बजे की फुटेज में एक संदिग्ध महिला सफेद रंग का सलवार-सूट पहने हुए मासूम सौरभ को कंधे पर डालकर ले जाती दिखी. महिला के पीछे एक टोपी पहने युवक भी नजर आया, जिससे शक गहरा गया है कि यह किसी गिरोह का काम हो सकता है. सीसीटीवी में दिखा कि महिला पहले गेट से बाहर निकली, फिर पल भर के लिए वापस आई और दूसरे रास्ते से रफूचक्कर हो गई.

पुलिस की तीन टीमें तलाश में जुटीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एसओजी (SOG) समेत पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं. एसएचओ उदयवीर सिंह का कहना है कि,

प्रथम दृष्टया यह मामला बच्चा चोरी कर बेचने वाले गिरोह से जुड़ा लग रहा है, क्योंकि फिरौती के लिए कोई कॉल नहीं आया है. हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

फिलहाल, पीड़ित परिवार गहरे सदमे और दहशत में है. एक ओर जहां घर में शहनाइयां बज रही थीं, वहीं अब परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. पुलिस संदिग्ध महिला और युवक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के फुटेज भी खंगाल रही है.

About the Author

authorimg

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *