बैंक ऑफ महाराष्ट्र से 10 करोड़ का सोना ले उड़े लुटेरे, पुलिस हाई अलर्ट पर
Last Updated:
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित सिंगरौली जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े 10 करोड़ के सोने और 20 लाख नकद की बड़ी लूट हुई है. 5 नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग और कर्मचारियों से मारपीट कर वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद UP-MP बॉर्डर पर हड़कंप मच गया है. सोनभद्र पुलिस ने बीजापुर सहित सभी सीमावर्ती इलाकों को सील कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए बाइक सवार बदमाशों की तलाश में जुटी है.
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित सिंगरौली जिले के बैढ़न में शुक्रवार की दोपहर गोलियों की तड़तड़ाहत से सनसनी फैल गई. बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में ‘बैंक ऑफ महाराष्ट्र’ पर धावा बोला और देखते ही देखते करोड़ों रुपये का सोना व नकदी लूटकर फरार हो गए. इस सनसनीखेज वारदात के बाद मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र तक पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. बदमाशों को पकड़ने के लिए सोनभद्र की सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया गया है और हर आने-जाने वाली गाड़ी की सघन तलाशी ली जा रही है.
बंदूक की नोक पर बंधक बना लुटा 10 करोड़ का सोना
सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न के सबसे व्यस्त विंध्यनगर-बैढ़न मार्ग पर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार दोपहर का कामकाज सामान्य रूप से चल रहा था. तभी अचानक 5 हथियारबंद बदमाश बैंक परिसर में दाखिल हुए. चश्मदीदों के मुताबिक, इनमें से एक बदमाश बाहर रेकी के लिए खड़ा रहा, जबकि 4 बदमाश हथियारों के साथ अंदर घुस गए. उन्होंने बंदूक की नोक पर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बदमाश गोल्ड लोन के लिए रखे लगभग 10 करोड़ रुपये की कीमत का सोना-चांदी और करीब 20 लाख रुपये नकद लेकर फरार होने में कामयाब रहे.
फायरिंग और मारपीट से बैंक में फैली दहशत
लूट के दौरान बदमाशों ने दहशत पैदा करने के लिए बैंक के भीतर हवाई फायरिंग भी की. जब बैंक कर्मचारियों ने विरोध करने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उनके साथ मारपीट की और सभी को जमीन पर बैठने के लिए मजबूर कर दिया. ग्राहकों को अपना मोबाइल तक निकालने की अनुमति नहीं दी गई. बदमाशों की बेखौफी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने व्यस्त बाजार वाले इलाके में दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया और पुलिस के पहुंचने से पहले ही रफूचक्कर हो गए.
सोनभद्र बॉर्डर सील, बीजापुर में सघन चेकिंग
जैसे ही घटना की जानकारी मिली, सिंगरौली एसपी मनीष खत्री ने तुरंत सोनभद्र एसपी को फोन कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया. चूंकि बैढ़न से उत्तर प्रदेश का सोनभद्र जिला सटा हुआ है, इसलिए पुलिस को अंदेशा है कि बदमाश सीमा पार कर भाग सकते हैं.
सूचना मिलते ही सोनभद्र पुलिस ने बीजापुर सीमावर्ती इलाकों और सभी बॉर्डर पॉइंट्स को पूरी तरह सील कर दिया है. हर छोटी-बड़ी गाड़ी, विशेषकर बाइक सवारों की गहन जांच की जा रही है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है.
रेकी और अंदरूनी साजिश का शक
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री खुद भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैंक के अंदर मौजूद लोगों से पूछताछ की. पुलिस अब बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने घटना को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक बैंक की रेकी की होगी. इस मामले में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अंदरूनी व्यक्ति ने लुटेरों को बैंक के कैश और गोल्ड लॉकर की जानकारी तो नहीं दी थी.
पुलिस की टीमें और सर्च ऑपरेशन
बदमाशों की तलाश के लिए स्पेशल टीमों का गठन किया गया है. सिंगरौली और सोनभद्र की पुलिस मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दे रही है. हालांकि, बैंक की ओर से लूटी गई राशि और सोने की सटीक मात्रा का आधिकारिक स्टेटमेंट अभी आना बाकी है, लेकिन चर्चा है कि यह क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी बैंक डकैती हो सकती है.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें