सड़क से सदन तक घिरेगा विपक्ष, योगी आदित्यनाथ के आवास पर पार्टी की बैठक
Last Updated:
Lucknow News: भाजपा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के मुद्दे को लेकर विपक्ष पर आक्रामक रुख अपनाने की योजना बनाई है. इसके लिए योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सीएम के साथ कई बड़े मंत्री शामिल हुए.
योगी आदित्यनाथ आवास पर मीटिंग
लखनऊ: योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन और सरकार के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी ‘जनाक्रोश कार्यक्रम’ और विपक्ष को घेरने की रणनीति तय करना रहा.
बैठक में भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद रहे. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के मुद्दे को लेकर विपक्ष पर आक्रामक रुख अपनाने की योजना बनाई है. भाजपा का आरोप है कि विपक्ष इस अहम विधेयक को पारित कराने में गंभीर नहीं रहा, जिसके चलते अब उसे जनता के बीच घेरा जाएगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये नेता शामिल
बैठक में तय किया गया कि भाजपा ‘महिला जनाक्रोश कार्यक्रम’ के जरिए इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाएगी. इसके तहत 19 अप्रैल को एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता बेबी रानी मौर्य शामिल होंगी. इस प्रेस वार्ता में पार्टी अपनी रणनीति और आगे की कार्ययोजना को सार्वजनिक करेगी.
महिला जनाक्रोश रैली और मार्च पास्ट का आयोजन
इसके अलावा 21 अप्रैल को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में महिला जनाक्रोश रैली और मार्च पास्ट का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी भाग लेंगे. पार्टी इस आयोजन के माध्यम से व्यापक जनसमर्थन जुटाने की कोशिश में है.
विशेष सत्र बुलाने की तैयारी
राजनीतिक स्तर पर भी भाजपा सक्रिय नजर आ रही है. जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी की जा रही है, जो 29 या 30 अप्रैल को आयोजित हो सकता है. इस सत्र में निंदा प्रस्ताव लाने की योजना है, जिसके जरिए विपक्ष को सदन में भी घेरा जाएगा. साथ ही, स्थानीय निकायों में भी विशेष सत्र बुलाने की तैयारी की जा रही है, ताकि इस मुद्दे को जमीनी स्तर तक ले जाया जा सके. कुल मिलाकर, भाजपा संगठन और सरकार मिलकर सड़क से लेकर सदन तक विपक्ष पर दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.