घर पर बनाएं शुद्ध देसी घी वाला ‘पनीर-चीज चीला’, मिनटों में होगा तैयार
Last Updated:
Paneer Cheese Cheela Recipe: आगरा के खान-पान के शौकीनों के लिए अब घर पर ही शुद्ध देसी घी का स्वाद चखना आसान होगा. आगरा की फूड मेकर बबिता साझा कर रही हैं ‘पनीर-चीज चीला’ की खास रेसिपी. जानें कैसे मूंग दाल, अदरक-लहसुन के पेस्ट और खास मसालों से होटल जैसा क्रिस्पी चीला तैयार करें. साथ ही सीखें कच्चे आम और पुदीने की चटपटी हरी चटनी बनाने का सीक्रेट तरीका. शुद्धता और स्वाद से भरपूर यह नाश्ता आपकी डाइट को हेल्दी और स्वादिष्ट बना देगा.
Paneer Cheese Cheela Recipe: ताजनगरी आगरा अपने खान-पान के शौकीनों के लिए मशहूर है, लेकिन अक्सर बाहर के खाने में शुद्धता को लेकर मन में हिचक रहती है. अगर आप भी स्ट्रीट फूड के दीवाने हैं और हाइजीन के कारण समझौता कर रहे हैं, तो अब रुकिए! आगरा की फूड मेकर बबिता साझा कर रही हैं शुद्ध देसी घी में बनने वाले ‘पनीर-चीज चीला’ की ऐसी खास रेसिपी, जिसका स्वाद चखने के बाद आप रेस्टोरेंट जाना भूल जाएंगे. यह न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी एक बेहतरीन विकल्प है.
हेल्दी और स्वादिष्ट चीला बनाने के लिए सबसे पहले मूंग की दाल को पर्याप्त पानी में भिगोकर रख देना है. जब दाल अच्छे से भीग जाए, तो उसे मिक्सी में दरदरा पीस लें. ध्यान रहे कि पीसते समय ही इसमें अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, प्याज और सूखी लाल मिर्च स्वाद के अनुसार डाल लेनी है. आगरा की फूड मेकर बबिता बताती हैं कि इसी दौरान थोड़ा सा गरम मसाला और स्वादानुसार नमक भी मिक्सी में डाल देना चाहिए. लाल मिर्च और गरम मसाले के साथ पीसने से चीले का रंग एकदम खिलकर निखरता है. पेस्ट तैयार होने के बाद इसे एक साफ बर्तन में निकाल लें.
चटपटी हरी चटनी का सीक्रेट
चीले का असली मजा उसकी चटनी में होता है. बबिता के अनुसार, एक बेहतरीन हरी चटपटी चटनी तैयार करने के लिए आप कच्चे आम का इस्तेमाल कर सकते हैं. चटनी बनाने के लिए हरा धनिया, पुदीना, हींग, हरी मिर्च, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक मिलाएं. अपनी पसंद के हिसाब से अन्य मसाले भी ऐड कर सकते हैं. अगर आप चटनी को और अधिक खट्टा बनाना चाहते हैं, तो इसमें थोड़ी खटाई या नींबू के रस का प्रयोग किया जा सकता है. यह पूरी तरह आपके स्वाद पर निर्भर करता है.
पनीर और चीज का खास कॉम्बिनेशन
अब बारी आती है चीले को फाइनल टच देने की. इसके लिए पनीर और चीज (वैकल्पिक) लें. चीज डालने से चीले का स्वाद दोगुना हो जाता है. चीला बनाने के लिए तवे पर शुद्ध देसी घी डालें. इसके बाद किसी कटोरी या चमचे की मदद से दाल के घोल को तवे पर फैलाएं, ठीक उसी तरह जैसे डोसा बनाया जाता है. जब घोल फैल जाए, तो उस पर पनीर को कद्दूकस करके (पीसकर) चारों तरफ डाल दें और साथ ही चीज को भी फैला दें.
पकाने का सही तरीका और सर्विंग
चीले को अपनी पसंद के अनुसार सेंक लें, लेकिन ध्यान रखें कि इसे ज्यादा न सेंकें, क्योंकि यह जल सकता है और स्वाद कड़वा हो सकता है. पकने के दौरान ऊपर से थोड़ा कटा हुआ हरा धनिया डालें, जिससे इसके स्वाद में ‘ताकत’ यानी और भी निखार आ जाता है. इस तरह आपका शुद्ध देसी घी में बना पनीर-चीज चीला तैयार है. इसे आप साफ प्लेट में तीखी हरी चटनी या मीठी सोंठ के साथ परोसें. यकीन मानिए, घर पर बना यह चीला किसी भी बड़े होटल के स्वाद को मात दे देगा.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें