शादी तो तुम्हीं से करूंगी… प्रेमी से खफा प्रेमिका मोबाइल टावर पर चढ़ी, फिर जो हुआ
Last Updated:
Prayagraj Viral Video: प्रयागराज में एक लड़की का दिल टूटा तो उसने खौफनाक कदम उठा लिया. वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या की धमकी देनी शुरू कर दी. इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रयागराज: हर किसी का अपने लाइफ पार्टनर को लेकर कई सपने होते हैं. ऐसे में किसी को अपने मनपसंद का साथी मिल जाए तो वो जल्द से जल्द शादी कर अपनी नई दुनिया बसाना चाहता है. मगर, कभी-कभी प्यार की राह में घर परिवार के लोग आ जाते हैं या कई बार लवर खुद ही वादे कर मुकर जाता है. कुछ यही हुआ प्रयागराज की एक युवती के साथ. यहां के गंगानगर जोन के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्रेमिका अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल के टावर पर चढ़ गई. आसपास गुजरते हुए लोगों ने जब ये देखा तो भीड़ जमा होना शुरू हो गई. लोगों ने आनन-फानन में पुलिस को जानकारी दी. काफी देर समझाने बुझाने के बाद भी युवती नहीं मानी. फिर तीन लोगों ने साहस दिखाते हुए जैसे तैसे उसे उतारा.
यह है मामला
मामला बुढ़िया के इनारा बाजार का है. यहां एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या की धमकी देने लगी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती टावर पर चढ़कर अपने प्रेमी से फोन पर लगातार बात भी कर रही थी. वह बार-बार यह कह रही थी कि अगर उससे शादी नहीं की तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगी. वही बड़ी संख्या में मोबाइल टावर के नीचे जुटे लोग तमाशबीन बने रहे और मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे.
3 लोगों ने किया ये काम
मौके पर मौजूद लोगों ने युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना डायल 112 पर कॉल कर दी. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई और अपनी जिद पर अड़ी रही. हालात लगातार गंभीर होते जा रहे थे. स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद तीन स्थानीय युवकों ने साहस का परिचय दिया.
उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़कर सूझबूझ के साथ युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया. पुलिस ने भी युवती को नीचे उतरने में मदद की. इसके बाद पुलिस युवती को अपने साथ फूलपुर कोतवाली ले गई. जहां पर उससे पूछताछ की गई. जांच में सामने आया कि युवती का अपने प्रेमी से लंबे समय से संबंध था और दोनों शादी करना चाहते थे. हालांकि, प्रेमी के परिवार ने एक ही परिवार की दो लड़कियों से रिश्ता होने का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया था. इससे आहत होकर युवती ने यह खतरनाक कदम उठाया. पुलिस ने युवती को परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें