अम्बेडकरनगर में ममता हुई शर्मसार! मां ने 4 बच्चों को मौत के घाट उतारकर हुई फरार
Last Updated:
अम्बेडकरनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक मां पर अपने चार मासूम बच्चों की ईंट से कूचकर हत्या करने का आरोप है. वारदात के बाद महिला बालकनी से कूदकर फरार हो गई. पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां बच्चों के शव खून से लथपथ हालत में मिले. प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव और प्रॉपर्टी विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है.
अम्बेडकरनगर. उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में एक मां पर अपने ही चार मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि महिला ने ईंट से कूचकर बच्चों को मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद बालकनी से कूदकर मौके से फरार हो गई. इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है. घटना की जानकारी, तब हुई जब सुबह करीब 8 बजे दूधवाला घर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसे शक हुआ. उसने यह बात पड़ोसियों को बताई, दोपहर 3 बजे तक जब घर से कोई बाहर नहीं निकला, तो पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए.
घर के अंदर का मंजर
पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो नीचे के कमरे में बिस्तर पर चारों बच्चों के शव खून से लथपथ हालत में एक-दूसरे से सटे पड़े थे. मृतकों की पहचान शफीक, सऊद, उमर और सादिया के रूप में हुई है. घटना के समय बच्चों की मां घर में नहीं मिली, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने के बाद महिला बालकनी से कूदकर फरार हो गई.
पारिवारिक पृष्ठभूमि और संभावित कारण
जानकारी के अनुसार, महिला का पति नियाज पिछले डेढ़ साल से सऊदी अरब में काम करता है और इस दौरान वह घर नहीं आया. पुलिस का मानना है कि महिला मानसिक तनाव से गुजर रही थी. साथ ही प्रॉपर्टी विवाद की भी बात सामने आ रही है, जिसे घटना का एक संभावित कारण माना जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार महिला की तलाश जारी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है. चार मासूम बच्चों की एक साथ हुई मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. स्थानीय लोग घटना को लेकर बेहद आक्रोशित और दुखी हैं. पुलिस प्रशासन पर जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ने का दबाव बढ़ता जा रहा है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें