मकान की हो रही थी खुदाई, तभी जमीन से आई खटखट आवाज, अंदर झांके तो निकला खजाना
Last Updated:
Etah Latest News: उत्तर प्रदेश के एटा से एक बेहद चौंका देने वाली खबर सामने आई है, जहां मकान के अंदर खुदाई के दौरान खटखट की आवाज आई. जब अंदर देखा गया तो उसमें एक टैंक था जिसमें डीजल भरा हुआ था. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
जमीन से निकला डीजल.
एटा: अलीगंज थाना जसरथपुर क्षेत्र के ग्राम दहेलिया पुठ में जमीन के अंदर दबे भूमिगत टैंकर के मामले में प्रशासन ने करीब दो महीने बाद बड़ी कार्रवाई की है. शिकायत के आधार पर पहले दो बार गई टीम को सफलता नहीं मिली थी, लेकिन नवागत जिलाधिकारी के निर्देश पर तीसरी बार पहुंची संयुक्त टीम ने खुदाई कर टैंकर बरामद किया और उसके अंदर से पेट्रोलियम पदार्थ मिला.
ग्राम प्रधान और शिकायतकर्ता ललित मोहन मिश्रा ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व उन्होंने जिलाधिकारी एटा के कार्यालय और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गांव में एक मकान के अंदर भूमिगत टैंकर में अवैध रूप से पेट्रोलियम/अल्कोहल का भंडारण किया जा रहा है.
मिश्रा के अनुसार, शिकायत के बाद प्रशासनिक टीम दो बार मौके पर पहुंची, लेकिन उस समय टैंकर का पता नहीं चल सका और टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा. इसके बाद नवागत जिलाधिकारी अरविंद सिंह से पुनः शिकायत की गई. जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संयुक्त टीम भेजने के निर्देश दिए. निर्देशों के अनुपालन में तीसरी बार पहुंची टीम ने खुदाई कर टैंकर बरामद किया, जिसमें अपमिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ जैसा तरल मिला.
भवन स्वामी का पक्ष, पुराना टैंक, अब उपयोग नहीं
भवन स्वामी उदयवीर सिंह पुत्र तेज सिंह ने बताया कि यह मकान उनके परिवार की संयुक्त संपत्ति है और उनके भाई बलवीर सिंह और छोटे भाई धर्मवीर सिंह भी इसके हिस्सेदार हैं. उदयवीर सिंह ने कहा, “हम लोग पहले पेटी डीलर थे और यह टैंक उसी समय का बना हुआ है. काफी समय से इसमें कोई तेल नहीं डाला गया है, यह यूं ही पड़ा हुआ था.”
अधिकारियों का बयान, शिकायत के आधार पर हुई संयुक्त कार्रवाई
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत प्राप्त हुई थी कि बलवीर सिंह यादव के यहां भूमिगत टैंकर में अल्कोहल भरा हुआ है. इसी शिकायत के आधार पर आबकारी विभाग और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई. उन्होंने बताया कि ग्रामवासियों और भवन स्वामी की मौजूदगी में स्थल पर खुदाई कर टैंकर निकाला गया. टैंक की क्षमता लगभग 5000 लीटर पाई गई, जिसमें मौके पर करीब 75 लीटर डीजल मिला. भवन स्वामी ने टीम के समक्ष बताया कि वर्ष 2016-17 में वे डीजल का व्यवसाय करते थे, जिसे अब बंद कर दिया गया है.
सैंपल एफएसएल भेजे, स्थल सील
कार्रवाई के दौरान टीम ने टैंकर से तीन सैंपल लेकर उन्हें विधिवत सील-मोहर किया. इन नमूनों को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद पदार्थ में किसी प्रकार की मिलावट या अवैध पेट्रोलियम/अल्कोहल सामग्री तो नहीं है. जांच पूरी होने तक पूरे स्थल को प्रशासन ने सील कर दिया है.
संयुक्त टीम रही मौके पर मौजूद
कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक अनुराग, क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक स्मृति गंगवार, पूर्ति निरीक्षक धारणा चौहान, खाद्य अधिकारी दिग्विजय सिंह सहित आबकारी और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही. प्रशासन का कहना है कि एफएसएल की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें