प्रयागराज: दिनदहाड़े छात्र की हत्या, कोचिंग के साथी ने सीने में मारी गोली
Last Updated:
Prayagraj Crime News: प्रयागराज के होलागढ़ में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया, जहां आईटीआई छात्र हिमांशु सरोज की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना टोडीपुरवा नहर पुल के पास हुई, जब बाइक सवार साथियों के सामने ही उसे सीने में गोली मारी गई. पुरानी कोचिंग रंजिश के चलते आरोपी साहिल यादव पर हत्या का शक है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.
Prayagraj Crime News: संगम नगरी प्रयागराज के होलागढ़ इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 18 वर्षीय आईटीआई छात्र को दिनदहाड़े सीने में गोली मार दी गई. टोडीपुरवा नहर पुल के पास हुई इस खौफनाक वारदात ने पुलिस प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घायल छात्र हिमांशु सरोज को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति व्याप्त है.
टोडीपुरवा नहर पुल के पास वारदात, साथियों ने पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के गंगानगर जोन अंतर्गत होलागढ़ थाना क्षेत्र में यह वारदात घटित हुई. जमुनी का पुरवा (राजापुर चौबारा) के निवासी हिमांशु सरोज, जो आईटीआई का छात्र था, अपने दो साथियों के साथ टोडीपुरवा नहर पुल के पास मौजूद था. इसी दौरान अज्ञात परिस्थितियों में उसे सीने में गोली मार दी गई. लहूलुहान हालत में उसके साथी उसे तुरंत होलागढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए और परिजनों व पुलिस को इसकी सूचना दी.
एसआरएन अस्पताल में छात्र ने तोड़ा दम, पुलिस महकमे में हलचल
हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद हिमांशु को प्रयागराज के मेडिकल कॉलेज स्थित स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल रेफर किया गया. यहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद छात्र की जान नहीं बचाई जा सकी. डीसीपी गंगानगर जोन, कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गोली लगने से छात्र की मौत की पुष्टि हो चुकी है. मौत के सटीक कारणों और साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
कोचिंग विवाद बना हत्या की वजह? मुख्य आरोपी की पहचान
प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद यह बात सामने आई है कि हत्या का शक हिमांशु के ही एक पुराने परिचित पर है. मृतक की मां और साथ मौजूद प्रत्यक्षदर्शी साथियों ने चंदेल का पुरवा निवासी साहिल यादव पर गोली मारने का सीधा आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि हिमांशु और साहिल एक ही कोचिंग में साथ पढ़ाई करते थे और कुछ दिनों पहले उनके बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी. पुरानी रंजिश के चलते ही इस वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस की कार्रवाई और डीसीपी का बयान
डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने खुद फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल का मुआयना किया. मृतक की मां की तहरीर पर आरोपी साहिल यादव के खिलाफ होलागढ़ थाने में हत्या सहित विभिन्न सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. डीसीपी का बयान, ‘छात्र की हत्या के मामले में आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है. अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं. जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी.’
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें