गोरखपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से दहला इलाका, चाय की दुकान में हुए 3 धमाके
Last Updated:
गोरखपुर में चाय की दुकान में सिलेंडर फटने से भीषण आग लगी है. बताया जा रहा है की एक के बाद एक तीन सिलेंडरों में विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. धमाकों की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए. घटना सुबह करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है. हालांकि मौके पर दमकल ने आग पर काबू पाया है.
गोरखपुर में सिलेंडर ब्लास्ट.
गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब असुरन पुलिस चौकी के सामने मौजूद एक चाय-नाश्ते की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दुकान में रखे सिलेंडरों में जोरदार विस्फोट होने लगे. लगातार हुए धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और लोग घरों से बाहर निकल आए.
मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे असुरन पुलिस चौकी के सामने स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान में अचानक अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक दुकान में रखे गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा था. देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया.आग लगने के कुछ ही देर बाद दुकान में रखे सिलेंडरों में जोरदार धमाके होने लगे. बताया जा रहा है कि एक के बाद एक तीन सिलेंडर फटे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी. आसपास के लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए.
घटना पुलिस चौकी के ठीक सामने होने के कारण मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला. पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया और इलाके को खाली कराया ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया. आग बुझाने के दौरान दुकान मालिक पप्पू झुलस गया, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. धमाकों के कारण आसपास के लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा. पुलिस और फायर विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि आग आखिर कैसे लगी और सिलेंडर ब्लास्ट की असली वजह क्या थी.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें