प्रतीक यादव 13 दिन पहले भी लाए गए थे अस्पताल, बेहद गंभीर थी हालत
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन ने सभी को हैरानी में डाल दिया. 38 साल के प्रतीक को सुबह करीब 6 बजे सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है. उनके शरीर पर चोट पर कुछ निशान पाए गए हैं, जिससे मौत के पीछे किसी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है. प्रतीक के शव का लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में पोस्टमॉर्टम किया गया, जिसके रिपोर्ट का अब सभी को इंतजार है.
इस बीच सूत्रों के हवाले से पता चला है कि प्रतीक को 30 अप्रैल को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था. बताया जाता है कि तीन दिन बाद उनकी सेहत में सुधार हुआ, जिसके बाद वह बिना औपचारिक छुट्टी लिए अस्पताल से घर लौट आए थे.
उनकी पत्नी और वरिष्ठ बीजेपी विधायक अपर्णा यादव इस समय असम में हैं. उनके निधन की खबर मिलते ही वह लखनऊ के लिए रवाना हो गईं. अपर्णा इस समय उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं.
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, KGMU में डॉ. मौसमी सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने पोस्टमॉर्टम किया. पोस्टमॉर्टम शुरू होने से पहले छाती का एक्स-रे किया गया था. CMO सहित वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे, जहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. अपर्णा के भाई अमन सिंह बिष्ट शवगृह के बाहर मौजूद थे.
इसी साल 19 जनवरी को प्रतीक ने पत्नी अपर्णा से अलग होने के अपने फैसले की घोषणा की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी शादीशुदा ज़िंदगी मुश्किल हो गई है. हालांकि, नौ दिनों के भीतर ही दोनों के बीच सुलह हो गई थी. इंस्टाग्राम पर अपर्णा के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए प्रतीक ने लिखा था, ‘All is Well. चैंपियन वे होते हैं जो निजी और पेशेवर मुश्किलों को पार कर लेते हैं. हम चैंपियनों का परिवार हैं.’
यह जोड़ा आखिरी बार 21 फरवरी को लखनऊ में अपनी बेटी के जन्मदिन के जश्न के दौरान सार्वजनिक रूप से एक साथ देखा गया था. इस कार्यक्रम में कई BJP नेताओं ने शिरकत की थी, जिनमें उत्तर प्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, मंत्री दानिश आजाद अंसारी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह शामिल थे.
प्रतीक के निधन पर दुख जताते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.’
समाजवादी पार्टी ने भी एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. विनम्र श्रद्धांजलि!’