मुंडन संस्कार बना मातम, गंगा नदी में डूबा युवक, नानी की भी गई जान
Last Updated:
बलिया जिले में मुंडन संस्कार के दौरान गंगा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. युवक की मौत की खबर सुनते ही उसकी नानी को हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी भी जान चली गई. एक ही परिवार में दो मौतों से गांव में मातम पसरा हुआ है.
बलिया जिले में मुंडन संस्कार के दौरान गंगा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही सदमे में युवक की नानी को हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी भी मौत हो गई. एक ही परिवार में दो मौतों से परिवार व गांव में शोक और कोहराम मचा हुआ है.
गंगा में नहाते वक्त डूबा युवक
बैरिया थाना क्षेत्र के गोपालपुर के पास गंगा घाट पर मुंडन संस्कार के दौरान परिवार के लोग गंगा स्नान कर रहे थे. इसी दौरान युवक विकास यादव गंगा नदी में नहाते समय गहरे पानी में चला गया और डूब गया. देखते ही देखते गंगा घाट पर अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और नाविकों ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात युवक का शव नदी से बरामद किया. बताया जा रहा है कि विकास अपनी नानी निर्मला यादव के साथ रहता था और उन्हीं का भरण-पोषण और पढाई करता था.
मौत की खबर सुनते ही नानी को आया हार्ट अटैक
गंगा में डूबने से विकास की मौत की खबर मिलते ही उसकी नानी निर्मला यादव को अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी भी मौत हो गई. एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे परिवार और गांव में मातम पसर गया है.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक विकास यादव और उसकी नानी निर्मला यादव के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
पिछले 2 महीने में गंगा नदी में 11 लोगों की मौत
बताया जा रहा है कि बलिया जिले में पिछले 2 महीने के अन्दर गंगा नदी के अलग-अलग घाटों पर डूबने से 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हैं. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं, ताकि धार्मिक कार्यों के दौरान स्नान के समय किसी बड़े हादसे को रोका जा सके.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें