UP के जिले बन गए भट्ठी, बांदा में 48 तो प्रयागराज में 46 डिग्री पहुंचा तापमान
Last Updated:
UP Weather News: अरे सूर्य देव थोड़ी तो कृपा दिखाओ… इतना कहर मत बरपाओ. कैसे काम करें, कैसे जिए? अगर यही हाल रहा तो इस भट्ठी में जल जाएंगे. दरअसल, यूपी का तापमान अभी से 50 के पास पहुंचने लगा है. बांदा में कल तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था.
यूपी का आज का मौसम.
लखनऊ: भाइयोंं-बहनों घर से निकल रहे हैं तो प्लीज पीने का पानी और सिर, हाथ-पैर ढकने का इंतजाम करके निकलिएगा. सूर्य देवता अपना कहर बरपा रहे हैं. उत्तर प्रदेश में तो अभी से ही तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. कई जिले तो भट्ठी की तरह तप रहे हैं. यह हाल लगातार बना हुआ है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ‘रेड अलर्ट’ जारी कर दिया है.
दरअसल, बुधवार को बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा था. यहां तक कि देश में सबसे अधिक गर्म था. इसके चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए जिले में ‘रेड अलर्ट’ जारी कर दिया है. बांदा के बाद मध्य प्रदेश के खजुराहो में 47.4 डिग्री सेल्सियस और महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
पूरे राज्य में भीषण गर्मी का दौर जारी रहा, जिससे लोगों को तेज गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा और तत्काल राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आई. उत्तर प्रदेश में, प्रयागराज में दूसरा सबसे ज़्यादा तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद हमीरपुर में 46.2 डिग्री सेल्सियस और झांसी में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा में 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि उरई और बुलंदशहर में क्रमशः 45.2 डिग्री सेल्सियस और 45 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. IMD के अधिकारियों ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक दिन के समय उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बने रहने की संभावना है.
लखनऊ स्थित आईएमडी के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने कहा, हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से रेगिस्तान की ओर से बह रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है. फिलहाल, राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं. मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि अगले दो दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है.
आज कैसा हाल?
संगम नगरी में तापमान का पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. आज भी यही हाल है. लोग गर्मी की तपिश से परेशान हो उठे हैं. गर्मी से बचने के लिए कुछ लोग त्रिवेणी संगम भी पहुंच रहे हैं. यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. हालांकि भीषण गर्मी के चलते संगम में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर भी काफी कम हो गया है. इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. संगम क्षेत्र में जहां जनवरी और फरवरी महीने में माघ मेले के चलते पर्याप्त जल मौजूद था. वहीं अब रेत के टीले नजर आ रहे हैं.
बांदा में इतनी भीषण गर्मी की वजह क्या है?
- भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अधिकारियों के अनुसार, यूपी में तापमान में तेजी से आई इस बढ़ोतरी की वजह थार रेगिस्तान से चलने वाली शुष्क और कठोर पश्चिमी हवाएं हैं.
- साफ आसमान और लगातार पड़ती सूरज की सीधी रोशनी की वजह से यूपी के दक्षिणी जिलों, विशेष रूप से बुंदेलखंड क्षेत्र में अधिक गंभीर है, जहां पथरीली जमीन दिन के दौरान तेजी से गर्म हो जाती है। इससे यह इलाका लंबे समय तक गर्म रहता है.
- IMD के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, बुंदेलखंड क्षेत्र की कठोर और पथरीली जमीन ने हालात को और भी बिगाड़ दिया है.
- खुली चट्टानी ज़मीन सीधी धूप में तेज़ी से गर्मी सोख लेती है और धीरे-धीरे छोड़ती है, जिससे बांदा जैसे ज़िले अत्यधिक तापमान की चपेट में आ जाते हैं.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें