ताज का दीदार करेंगे मार्को रूबियो, अभेद्य किले में तब्दील हुआ आगरा

0
ताज का दीदार करेंगे मार्को रूबियो, अभेद्य किले में तब्दील हुआ आगरा


US Foreign Minister Marco Rubio Agra Visit: भारत के चार दिवसीय दौरे पर आए अमेरिका के नए विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार, 25 मई को मोहब्बत की मिसाल यानी ताजमहल का दीदार करने आगरा आ रहे हैं. विदेश मंत्री बनने के बाद रूबियो का यह पहला भारत दौरा है, जिसे दोनों देशों के रणनीतिक और व्यापारिक रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बेहद सफल और गंभीर बातचीत करने के बाद मार्को रूबियो अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ आगरा में कुछ सुकून के पल बिताएंगे. आगरा के मशहूर गाइड नितिन गुप्ता अमेरिकी विदेश मंत्री को ताजमहल का इतिहास और उसकी खूबसूरती से रूबरू कराएंगे.

मिनट-टू-मिनट शेड्यूल: जानें आगरा में कब कहां रहेंगे मार्को रूबियो?
अमेरिकी विदेश मंत्री और उनके वीआईपी डेलिगेशन के दौरे को देखते हुए आगरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम कुछ इस तरह रहने वाला है:

  • सुबह 08:55 बजे: मार्को रूबियो का विशेष विमान आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर लैंड करेगा.
  • सुबह 09:05 बजे: एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच उनका काफिला सीधे होटल अमर विलास के लिए रवाना होगा.
  • सुबह 09:30 बजे: होटल अमर विलास से वे गोल्फ कार्ट में सवार होकर ताजमहल परिसर पहुंचेंगे और दीदार करेंगे.
  • सुबह 10:45 बजे: ताजमहल का भ्रमण पूरा करने के बाद वे वापस होटल अमर विलास लौटेंगे.
  • सुबह 11:00 से 12:00 बजे: होटल अमर विलास में अमेरिकी विदेश मंत्री और उनका दल दोपहर का लंच करेगा.
  • दुपहर 12:00 बजे: लंच के बाद वे होटल से सीधे खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे.
  • दोपहर 12:50 बजे: खेरिया एयरपोर्ट से उनका विमान राजस्थान के जयपुर के लिए उड़ान भरेगा.

दिल्ली में जयशंकर से मुलाकात: ‘व्यापार समझौते’ के बेहद करीब भारत-अमेरिका
आगरा आने से ठीक एक दिन पहले, रविवार को नई दिल्ली में मार्को रूबियो और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बीच एक बेहद महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई. बैठक के बाद रूबियो ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारत और अमेरिका लंबे समय से अटके पड़े व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं.

उन्होंने भरोसा जताया कि यह समझौता दोनों ही देशों के लिए फायदेमंद और लंबे समय तक टिकने वाला साबित होगा. दरअसल, पिछले कुछ महीनों में व्यापार और टैरिफ (टैक्स) को लेकर दोनों देशों के बीच जो हल्की तल्खी देखी जा रही थी, रूबियो का यह दौरा उस तनाव को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम है.

रक्षा, ऊर्जा और सेमीकंडक्टर पर भी बनी बात
इस हाई-प्रोफाइल बैठक में केवल व्यापार ही नहीं, बल्कि रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज और तकनीकी सहयोग जैसे बड़े मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा हुई. दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन को मजबूत करने से जुड़ी अमेरिकी पहल ‘पैक्स सिलिका’ को लेकर आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता जताई. आपको बता दें कि भारत इसी साल फरवरी में आधिकारिक तौर पर इस अमेरिकी पहल का हिस्सा बना था.

चीन और पाकिस्तान पर अमेरिका का दोटूक रुख
बैठक के बाद जब मार्को रूबियो से चीन और पाकिस्तान के साथ अमेरिका के रिश्तों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेहद सधे हुए अंदाज में भारत को आश्वस्त किया. रूबियो ने दोटूक कहा,

अमेरिका का दुनिया के अन्य देशों से संबंध रखना, भारत के साथ उसकी रणनीतिक साझेदारी के आड़े नहीं आता. हम भारत को अपने सबसे अहम और मजबूत रणनीतिक साझेदारों में से एक मानते हैं. किसी भी दूसरे देश के साथ हमारे संबंध, भारत के साथ हमारी दोस्ती और साझेदारी की कीमत पर बिल्कुल नहीं होंगे.

अमेरिकी विदेश मंत्री के इस बयान और उनके आगरा दौरे से साफ है कि आने वाले दिनों में भारत और अमेरिका के रिश्ते एक नई ऊंचाई छूने वाले हैं. फिलहाल, आगरा प्रशासन अमेरिकी मेहमान के स्वागत के लिए पूरी तरह से पलकें बिछाए तैयार बैठा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *