अलीगढ़ में 2 बदमाशों का एनकाउंटर, तमंचा दिखा महिलाओं को लूटते थे, दोनों पर 67 मुकदमे
Last Updated:
Aligarh Encounter : दोनों एक हफ्ते से अलीगढ़ में महिलाओं से तमंचे के बल पर लूटपाट कर रहे थे. इस दौरान एक दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया. इनके निशाने पर ग्रामीण महिलाएं थीं. दोनों बदमाश 50 हजार के इनामी थे. मारे गए बदमाशों की पहचान हापुड़ निवासी रजा मोहम्मद और कोतवाली देहात बुलंदशहर निवासी मुबीन के रूप में हुई है. SSP नीरज कुमार जादौन ने बताया कि रजा के ऊपर 40 मुकदमे और मुबीन पर 27 मुकदमे दर्ज थे.
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस के आलाधिकारी.
अलीगढ़. यूपी की अलीगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने दो बदमाशों को एनकाउंटर में मार गिराया है. दोनों पिछले एक हफ्ते से अलीगढ़ के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं से तमंचे के बल पर लूटपाट कर रहे थे. उन पर एक दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप था. SSP नीरज कुमार जादौन ने बताया कि दोनों बदमाश 50 हजार के इनामी थे. उनकी पहचान हापुड़ निवासी रजा मोहम्मद और कोतवाली देहात बुलंदशहर निवासी मुबीन के रूप में हुई है. रजा के ऊपर 40 मुकदमे दर्ज थे. इनमें 28 लूट के मामले थे. उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगा हुआ था. मुबीन के ऊपर 27 मुकदमे दर्ज थे, जिसमें 18 लूट के मामले थे. दोनों से पुलिस की मुठभेड़ अतरौली थाना इलाके में स्थित आम के बाग में हुई.
एक दिन में पांच शिकार
SSP नीरज जादौन के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते से यहां लूटपाट की घटनाएं हो रही थीं. जो हमारी माताएं-बहनें सुबह खेत में काम करने जाती थीं, फसल काटने, चारा काटने, ये बदमाश उनसे तमंचे के बल पर लूट की घटनाएं करते थे. 21 मई को सुबह इन्होंने गोधा के गांव में, अतरौली के गांव में और छर्रा के गांव में करीब पांच महिलाओं के साथ लूटपाट की. मोटरसाइकिल से आते और लूट कर चले जाते. हमारी सारी टीम इन्हें पकड़ने में लगी हुई थी. सीसीटीवी फुटेज हम देख रहे थे. सर्विलांस की भी मदद ली गई. सारी टीमें सक्रिय थीं. ये बुलंदशहर से आते थे और वारदात को अंजाम देकर लौटा जाते. अलीगढ़ पुलिस ने इन पर इनाम भी घोषित किया था.
पुलिस ने घेरा कैसे
SSP जादौन ने बताया कि पब्लिक से भी हमारे पास सूचनाएं आ रही थीं. आज एक घटना फिर इन्होंने अंजाम दी. पुलिस ने खैर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर रखी थी. दोपहर 3:30 बजे एक सूचना प्राप्त हुई कि अतरौली थाना क्षेत्र के मंडोली गांव में एक महिला का इन्होंने कुंडा लूट लिया है. हमारी टीमें ने इनका पीछा किया तो ये आम के बाग घुस गए और पुलिस पर फायरिंग करने लगे. इनसे सरेंडर करने को कहा गया, लेकिन ये फायरिंग करते रहे. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों को गोली लगी. अलीगढ़ पुलिस सतर्क है. ऐसी घटना करने का कोई दुस्साहस नहीं करेगा. जो करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें