लखनऊ में अयोध्या के बीजेपी नेता शिवम सिंह को किसने मारा?
Last Updated:
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में अयोध्या के बीजेपी नेता शिवम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि हत्या सिगरेट विवाद को लेकर हुई. वहीं परिजनों ने शिवम् के दोस्तों और ड्राइवर पर आरोप लगाए हैं. शिवम् अपने दोस्तों के साथ लखनऊ पार्टी करने आए थे.
लखनऊ में अयोध्या के बीजेपी नेता शिवम सिंह की हत्या
लखनऊ. राजधानी लखनऊ के विभूति खंड में बीजेपी नेता शिवम सिंह हत्या पर सवाल खड़े हो रहे हैं. कहा जा रहा है कि ज्वाला क्लब के सामने सिगरेट को लेकर हुए विवाद में हत्या की गई. अयोध्या बीजेपी युवा मोर्चा के नेता शिवम सिंह अपने दोस्तों के साथ लखनऊ में पार्टी करने पहुंचे थे. परिजनों ने दोस्तों और ड्राइवर पर साजिश का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस का कहना है कि शिवम सिंह 25 मई की शाम लखनऊ पहुंचे थे. वे देर रात तक ज्वाला क्लब में मौजूद थे.
पुलिस की अब तक की तफ्तीश में पता चला है कि ज्वाला क्लब के बाहर तीन बाइक सवार युवकों ने शिवम सिंह से सिगरेट मांगी. पहली बार तो शिवम सिंह ने दे दिया. लेकिन दुबारा मांगने पर शिवम ने मना कर दिया. जिस पर बाइक सवार युवक भड़क गए और विवाद शुरू हो गया. इस बीच शिवम ने अपने दोस्त आशीष शुक्ला से फ़ोन पर मारपीट की जानकारी दी. जिस पर आशीष ने उन्हें वहां से निकलने को कहा. करीब तीन बजे शिवम सिंह अपने दोस्तों के साथ कार से निकल गए. लेकिन कठौता झील स्थित एलपीएस स्कूल के पास तीनों बाइक सवार युवक मिल गए. उन्होंने कार पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. पत्थरबाजी देख जब शिवम कार से बाहर निकले तो उनके ऊपर भी हमला कर दिया. सिर में ईंट लगने से वह घायल होकर गिर गए.
दोस्तों पर लगा ये आरोप
इस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि जब शिवम पर हमला हुआ तो उनके दोस्त घायल अवस्था में ही उन्हें छोड़कर भाग निकले. चार बजे करीब एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद पुलिस ने ही शिवम् को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में एडमिट करवाया. स्थिति गंभीर देख बाद में उन्हें गोमतीनगर के प्राइवेट अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां 27 मई को उनकी मौत हो गई. इस मामले में शिवम के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. पुलिस ज्वाला क्लब के आस-पास की सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. परिजनों ने दोस्तों पर ड्राइवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. भाई सौरभ ने कहा कि दोस्तों और ड्राइवर ने ना तो शिवम की मदद की और ना ही परिवार को सही जानकारी दी.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें