पीएम मोदी भी हैं मेरठ की ईहा दीक्षित के फैन, जानिए क्या करती है ऐसा
Last Updated:
मेरठ की रहने वाली की ईहा दीक्षित पिछले कई वर्षों से लगातार पौधारोपण करते हुए आ रही है. जिसका एक बेहतर नजारा भी देखने को मिल रहा है. उनके द्वारा लगाए गए पौधे अब एक बड़ा आकार ले चुके हैं. जो कि पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. ईहा दीक्षित को इसके लिए कई राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय अवार्ड भी मिल चुके हैं.
मेरठ: यूं तो आपको कई लोग पौधारोपण करते हुए दिखाई देंगे, जो पर्यावरण को सुरक्षित करना चाहते हैं, लेकिन उसके बाद अधिकांश लोग पेड़-पौधों की देखभाल नहीं कर पाते हैं. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक अलग ही क्रांति देखने को मिल रही है. यहां की रहने वाली ईहा दीक्षित मात्र साढ़े चार साल की उम्र से लगातार पौधारोपण कर रही हैं, जो एक बेहतर उदाहरण भी है. उनके द्वारा लगाए गए पौधे अब विशाल पेड़ों का रूप ले चुके हैं. इस संबंध में लोकल 18 की टीम ने भी ईहा दीक्षित से खास बातचीत की.
पीएम मोदी के मन की बात से मिली प्रेरणा
लोकल 18 की टीम से खास बातचीत करते हुए ईहा दीक्षित ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से पौधारोपण करने की अपील की गई थी. तब उन्होंने भी इस अपील को अपनाया और अपने अभिभावकों से पौधारोपण करने की जिद की, जिसमें परिवार ने भी उनका पूरा सहयोग किया. तब से लेकर अब तक वह निरंतर पौधारोपण कर रही हैं. उन्होंने रविवार का दिन इसके लिए चुना है और वह हर सप्ताह पौधारोपण करती हैं.
उन्होंने बताया कि जागृति विहार एक्सटेंशन में बड़े क्षेत्र में उनके द्वारा मियावाकी तकनीक के माध्यम से पौधे रोपे गए थे, जो अब एक विशाल जंगल का रूप ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि उनके द्वारा लगाए गए पौधे प्रकृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सभी लोगों को इसी तरह पर्यावरण के प्रति सचेत रहना चाहिए, ताकि जो नए बदलाव चिंता का विषय बने हुए हैं, उन्हें दूर किया जा सके.
पीएम मोदी भी कर चुके हैं तारीफ
ईहा दीक्षित की लगन को देखकर उन्हें अब तक कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं. उन्हें सबसे कम उम्र में वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित विभिन्न राजनेताओं से मिलने का अवसर भी मिला है. हाल ही में जब प्रधानमंत्री मेरठ में नमो भारत ट्रेन का उद्घाटन करने आए थे, तब भी ईहा दीक्षित ने छात्र समूह का नेतृत्व किया था, जिसके दौरान उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई थी. इसी तरह अब उनकी छोटी बहन भी उनके कार्य में लगातार सहयोग कर रही है. बता दें कि ईहा दीक्षित को एनसीईआरटी की कक्षा 9 की पुस्तक में एक अध्याय के रूप में भी शामिल किया गया है, जिससे युवा प्रेरणा ले सकें.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें