एनकाउंटर क्यों किया? कमलेश बिंद एनकाउंटर पर बिफरी डिंपल यादव
Last Updated:
गाजीपुर एनकाउंटर और कमलेश बिंद की मौत पर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है. मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने यूपी की कानून व्यवस्था और भाजपा सरकार पर तीखे सवाल उठाए हैं. डिंपल यादव ने पूछा कि जब पुलिस आरोपी को पकड़ सकती थी, तो एनकाउंटर क्यों किया? इसके साथ ही उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ की भाषा पर तंज कसते हुए उन्हें ‘राजनीतिक हिंदू’ बताया और देश की चरमराती अर्थव्यवस्था को लेकर पीएम मोदी को भी आड़े हाथों लिया.
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव ने गाजीपुर पुलिस एनकाउंटर को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला. डिंपल यादव ने इस एनकाउंटर की जरूरत पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुलिस अपराधी को आसानी से गिरफ्तार कर सकती थी, तो फिर उसका एनकाउंटर क्यों किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसकी सरकार नहीं चाहती कि शासन-प्रशासन नियमों और कानून के दायरे में रहकर काम करे. जब सरकार ही गलत करेगी, तो आम जनता का गुस्सा भड़कना बिल्कुल स्वाभाविक है.
अखिलेश यादव ने भी घेरा, लगाया ‘संगठित अपराध’ का आरोप
डिंपल यादव से पहले सपा सुप्रीमो और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर सरकार को आड़े हाथों लिया. अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में महाभ्रष्ट शासन-प्रशासन जनता का भरोसा खो चुका है. फर्जी एनकाउंटर और हत्याओं ने उत्तर प्रदेश की छवि को पूरी तरह नकारात्मक बना दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब हत्या का सीधा आरोप भाजपा की महिला राज्यसभा सांसद के परिवार पर लग रहा है, तो कार्रवाई भी वैसी ही होनी चाहिए. यह सब भाजपा के पाले-पोसे ‘संगठित अपराध’ का ही नतीजा है.
पीएम मोदी और अर्थव्यवस्था पर डिंपल यादव के तीखे बोल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल पर बात करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि उनका काम सबके सामने है. आज नीट और सीबीएसई के छात्र परेशान हैं, नई प्रणालियों के कारण बच्चे सुसाइड कर रहे हैं, लेकिन सरकार किसी अधिकारी को सस्पेंड करने या इस्तीफा देने को तैयार नहीं है. यह दिखाता है कि सरकार पूरी तरह आंख पर पट्टी बांधकर बैठी है. उन्होंने देश की नाजुक आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सुनने में आया है कि भारत का सोना भी बेच दिया गया है. एक तरफ जनता से सोना न खरीदने को कहा जा रहा है और दूसरी तरफ देश की अर्थव्यवस्था को खतरे में डाला जा रहा है.
असली सनातनी हैं या राजनीतिक हिंदू?
मैनपुरी दौरे पर आए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अखिलेश यादव की तारीफ करने और गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने के अभियान पर डिंपल ने कहा कि यह कोई राजनीतिक दौरा नहीं था. जो लोग भी इस अच्छे काम का समर्थन कर रहे हैं, वे उनके साथ खड़े हैं. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोलते हुए डिंपल यादव ने कहा कि आप उनकी भाषा और बॉडी लैंग्वेज से खुद ही समझ सकते हैं कि वो सच में एक सनातनी हैं या फिर सिर्फ एक ‘राजनीतिक हिंदू’ बने हुए हैं.
कमलेश बिंद एनकाउंटर मामले पर बढ़ता जा रहा है बवाल
गौरतलब है कि 3 जून को गाजीपुर पुलिस ने एक होटल कारोबारी के बेटे की हत्या के मामले में फरार आरोपी कमलेश बिंद को मुठभेड़ में मार गिराया था. गुरुवार को जब पोस्टमार्टम के बाद कमलेश बिंद का शव उसके पैतृक गांव फुल्लनपुर पहुंचा, तो स्थानीय लोग और परिजन भड़क गए. उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. जब पुलिस ने जाम हटाने की कोशिश की, तो भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव कर दिया. इस पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें