‘हीरोइन बनाने का झांसा, 11 साल लिव-इन और गर्भपात’, धर्म नहीं बदला घर से निकाला
Last Updated:
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शादी और ‘हीरोइन’ बनाने का झांसा देकर एक हिंदू मॉडल के शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है. आरोपी वसीम पीड़िता को मुंबई ले गया था, जहां दोनों 11 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे. इस दौरान आरोपी ने पीड़िता का तीन बार जबरन गर्भपात कराया और लगातार उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाता रहा. जब लड़की ने इस्लाम अपनाने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने शादी करने के बजाय उसे बेरहमी से पीटकर घर से निकाल दिया. मेरठ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी वसीम की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं.
मेरठ में धर्म-परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है.
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से प्यार, धोखे और जबरन धर्मांतरण के दबाव की एक ऐसी खौफनाक कहानी सामने आई है, जिसने मुंबई की ग्लैमर्स दुनिया के पीछे छिपे काले सच को उजागर कर दिया है. यहां एक नामचीन हिंदू मॉडल को शादी और बॉलीवुड में बड़ी हीरोइन बनाने का सपना दिखाकर पिछले 11 सालों से प्रताड़ित किया जा रहा था. आरोपी वसीम ने न सिर्फ पीड़िता का शारीरिक शोषण किया, बल्कि उसका तीन बार गर्भपात भी कराया. हद तो तब हो गई जब लड़की ने अपना धर्म बदलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपी ने उसे बेरहमी से पीटकर घर से बाहर निकाल दिया.
पीड़ित महिला के अनुसार, करीब 11 साल पहले उसकी मुलाकात वसीम नाम के एक युवक से हुई थी. वसीम ने उसे मॉडलिंग की दुनिया में बड़ा नाम दिलाने और फिल्मों में हीरोइन बनाने का रंगीन ख्वाब दिखाया. उसके झांसे में आकर पीड़िता मेरठ से मुंबई चली गई. मुंबई के चमचमाते माहौल में वसीम ने उसे अपने साथ रहने के लिए राजी कर लिया. दोनों वहां एक साथ मॉडलिंग असाइनमेंट करने लगे और देखते ही देखते यह रिश्ता 11 साल लंबे लिव-इन रिलेशनशिप में तब्दील हो गया. इस दौरान वसीम लगातार शादी का वादा करके उसका शारीरिक शोषण करता रहा.
11 साल का लिव-इन और 3 बार कराया जबरन गर्भपात
पीड़िता ने अपने बयान में वसीम की दरिंदगी की जो कहानी सुनाई है, वह रूह कंपा देने वाली है. 11 साल के इस लंबे रिश्ते के दौरान जब भी पीड़िता गर्भवती हुई, वसीम ने शादी करने से साफ पल्ला झाड़ लिया. लोक-लाज और करियर का हवाला देकर आरोपी ने एक या दो बार नहीं, बल्कि पूरे तीन बार पीड़िता का जबरन गर्भपात कराया. जब भी मॉडल उस पर कानूनी रूप से शादी करने या निकाह करने का दबाव बनाती, वसीम हिंसक हो जाता था और उसकी बुरी तरह पिटाई करता था.
इनकार करने पर तोड़ा रिश्ता
वसीम ने शादी के लिए साफ कह दिया कि अगर उसे इस रिश्ते को आगे बढ़ाना है और पत्नी का दर्जा पाना है, तो उसे अपना हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम कबूल करना होगा. वसीम काफी समय से उस पर धर्मांतरण के लिए मानसिक और शारीरिक दबाव बना रहा था. लेकिन जब हिंदू लड़की ने अपने धर्म को छोड़ने और कलमा पढ़ने से साफ इनकार कर दिया, तो वसीम ने अपना असली रंग दिखा दिया. उसने 11 साल पुराने रिश्ते को एक झटके में तोड़ दिया और पीड़िता को घर से बाहर निकाल दिया.
मेरठ एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
वसीम के चंगुल से किसी तरह बचकर पीड़ित मॉडल मेरठ पहुंची और सीधे एसएसपी कार्यालय जाकर अपनी आपबीती सुनाई. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी वसीम के खिलाफ धोखाधड़ी, शारीरिक शोषण, जबरन गर्भपात कराने और उत्तर प्रदेश के कड़े धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
वसीम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें रवाना
इस मामले पर मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि एक महिला द्वारा शादी का झांसा देकर शोषण करने, गर्भपात कराने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की शिकायत दर्ज कराई गई है. पीड़ित की तहरीर पर तत्काल प्रभावी धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. एसपी देहात ने कहा कि आरोपी वसीम की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें लगा दी गई हैं, जो मुंबई और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें