गूगल मैप ने फिर दिया गच्चा, बेचारे अभ्यर्थियों की छूट गई पुलिस भर्ती परीक्षा
Last Updated:
UP Police Exam Google Map News: गूगल मैप के ऐसे किस्से तो आपने भी खूब पढ़े और सुने होंगे, जहां किसी की कार गलत जानकारी की वजह से नाले में फंस गई तो कोई फ्लाईओवर से ही गाड़ी लेकर कूद गया. कुछ हादसों में तो जान-माल का भी नुकसान हुआ. वहीं, अब बेचारे अभ्यर्थियों की पुलिस भर्ती परीक्षा ही छुड़वा दी. आइए जानते हैं पूरा मामला…
गूगल मैप ने अभ्यर्थियों को गलत लोकेशन दिखाई.
मुजफ्फरनगर: पहले अगर किसी अनजान जगह जाना होता था तो लोग राहगीरों से पता पूछते रह जाते थे. कई बार उन्हें गलत रास्ता बता दिया जाता था. ऐसे में मंजिल की तलाश काफी मुश्किल हो जाती है. इस मुश्किल को आसान बनाया गूगल मैप ने. मगर, कहा जाता है टेक्नोलॉजी कभी भी धोखा दे सकता है. इसका नतीजा कई बार खतरनाक भी होता है. ऐसा ही एक मामला अब मुजफ्फरनगर से सामने आया है. यहां गूगल मैप ने की वजह से कई अभ्यर्थियों की यूपी पुलिस परीक्षा छूट गई.
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान मुजफ्फरनगर में सामने आई एक तकनीकी गड़बड़ी ने कई अभ्यर्थियों की मेहनत पर पानी फेर दिया. गूगल मैप्स पर गलत लोकेशन दिखाई देने के कारण हापुड़, गाजियाबाद और आसपास के जिलों से आए कई परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच सके. नतीजा यह हुआ कि उनकी परीक्षा छूट गई और अब उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है.
मुजफ्फरनगर की जगह पहुंच गए शामली
अभ्यर्थियों के अनुसार उनका परीक्षा केंद्र मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र स्थित पटेल नगर में दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज था. परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए उन्होंने गूगल मैप्स का सहारा लिया, लेकिन मैप्स ने उन्हें मुजफ्फरनगर की बजाय शामली जिले के झिंझाना क्षेत्र की ओर भेज दिया. वहां पहुंचने पर उन्हें एहसास हुआ कि वे गलत स्थान पर आ गए हैं.
खेतों और गांवों में भटकते रहे उम्मीदवार
गलत लोकेशन की वजह से अभ्यर्थी काफी देर तक ग्रामीण इलाकों और खेतों में भटकते रहे. स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के बाद उन्हें सही पते की जानकारी मिली, लेकिन तब तक परीक्षा शुरू होने का समय निकल चुका था. कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की कोशिश करते रहे, मगर समय पर पहुंचना संभव नहीं हो पाया.
कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
परीक्षा छूटने से नाराज अभ्यर्थी मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी. उन्होंने पूरी घटना की जानकारी देते हुए मांग की कि जिन उम्मीदवारों की परीक्षा गूगल मैप्स की तकनीकी त्रुटि के कारण छूटी है, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाए.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें