कंधों पर बच्चे, हाथों में पंखे…बलिया में बाबा प्रदीप मिश्रा की कथा में उमड़ा सैलाब

0
कंधों पर बच्चे, हाथों में पंखे…बलिया में बाबा प्रदीप मिश्रा की कथा में उमड़ा सैलाब


Last Updated:

Ballia News: बलिया में चल रही पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा है कि हर तरफ सिर्फ श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आ रहे हैं. भीषण गर्मी, उमस और बैठने की जगह की कमी के बावजूद लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं. कोई सड़क किनारे बैठा है तो कोई बच्चों को कंधे पर उठाकर बाबा की एक झलक पाने की कोशिश में जुटा है. श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा के प्रति उनकी श्रद्धा ही उन्हें यहां तक खींच लाई है.

बलिया: बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के बाबा बालखंडी नाथ धाम में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में इन दिनों लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. दूर-दूर से लोग बाबा के दर्शन और कथा सुनने के लिए पहुंच रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था बिल्कुल भी कम नहीं हो रही है. भीषण गर्मी और उमस के बीच कोई सड़क किनारे बैठकर कथा शुरू होने का इंतजार कर रहा है तो कोई अपने बच्चों को कंधे पर बैठाकर बाबा की एक झलक पाने की कोशिश में लगा है.

छपरा से आए एक श्रद्धालु ने बताया कि वह कई सालों से बाबा की कथा सुन रहे हैं. उन्होंने कहा कि “गर्मी काफी ज्यादा है और भीड़ इतनी है कि बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है, लेकिन बाबा की कथा सुनने की इच्छा उन्हें यहां खींच लाई है”. वहीं सिमरन ने बताया कि वह करीब 8 साल से टीवी पर पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा सुन रही हैं और कई बार सामने से भी बाबा को देख चुकी हैं.

तीन बड़े टेंट भी पड़ गए छोटे
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए करीब 3 लाख स्क्वायर फीट में तीन बड़े टेंट लगाए गए हैं. हजारों पंखे और कूलर भी लगाए गए हैं, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा है कि गर्मी के सामने यह इंतजाम भी कम पड़ते नजर आ रहे हैं. लोग हाथ वाले पंखों का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं और मौके पर पंखों की बिक्री भी हो रही है.

सड़क पर बैठकर कर रहे कथा का इंतजार
चिलकहर निवासी सुनीता ओझा ने बताया कि “वह टीवी पर बाबा का प्रवचन काफी समय से सुनती हैं. जगह नहीं मिलने के कारण वह सड़क किनारे बैठकर कथा शुरू होने का इंतजार कर रही हैं. उन्होंने कहा कि बाबा के आशीर्वाद से ही उनका जीवन चल रहा है”. वहीं रिया ओझा ने बताया कि वह पहले भी बनारस में बाबा के कार्यक्रम में जा चुकी हैं और इस बार भी परिवार के साथ कथा सुनने पहुंची हैं.

बच्चों को कंधे पर बैठाकर पहुंचे श्रद्धालु
इतना ही नहीं अपने बच्चे को कंधे पर बैठाकर कथा सुनने पहुंचे सुशील कुमार ने बताया कि वह दो घंटे से बैठने की जगह तलाश रहे हैं, लेकिन कहीं जगह नहीं मिली. गर्मी से बचाने के लिए उन्होंने बच्चे के सिर पर पगड़ी बांध रखी है. वहीं बक्सर से आए रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि वह लंबे समय से बाबा को टीवी पर देखते आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक समय उनकी तबीयत काफी खराब थी, लेकिन बाबा के प्रति आस्था और रुद्राक्ष से उन्हें राहत मिली, जिसके बाद उनकी श्रद्धा और बढ़ गई.

श्रद्धालुओं को बाबा से मिलने की उम्मीद
रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि उन्होंने बाबा से मिलने के लिए अर्जी भी लगाई है और उन्हें पूरा विश्वास है कि बाबा जरूर बुलाएंगे. वहीं अमृता सिंह ने कहा कि भीड़ बहुत ज्यादा है, इसलिए बैठने की कोशिश भी नहीं की और सड़क किनारे बैठकर ही बाबा के दर्शन का इंतजार कर रही हैं. कुसुम तिवारी ने हंसते हुए कहा कि व्यवस्था ठीक है, बस बैठने की जगह नहीं मिल रही, लेकिन इतनी भीड़ के बीच वह भी बाबा को देखने जरूर आई हैं.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *