आज आएगा आंधी-तूफान, नोएडा-गाजियाबाद में जमकर बरसेगा आसमान
लखनऊः जैसे-जैसे देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे अलग-अलग राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं. उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में हाल के दिनों की भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं. आईएमडी के मुताबिक 15 जून को यानी कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं. वहीं कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
वाराणसी, गोरखपुर में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 14 जून से प्रदेश में बारिश और आंधी की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने लगेंगे. अगले कुछ दिनों तक किसी बड़े मौसम अलर्ट की संभावना नहीं जताई गई है. विभाग का कहना है कि फिलहाल जो ठंडक महसूस हो रही है, वह एक-दो दिन में खत्म हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया, मऊ, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ भारी बारिश को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
नोएडा, गाजियाबाद, आगरा में येलो अलर्ट
इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबु्द्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, महामायानगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मध्य भारत के मौसम की बात करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में सोमवार को बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो सकती है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर अच्छी वर्षा दर्ज होने का अनुमान है. वहीं पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी एक्टिविटी और अधिक एक्टिव रहने की संभावना है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा के कई हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी व्यापक वर्षा का दौर जारी रहने के आसार हैं.