चाइनीज मांझे ने बनाया मंत्री संजय गंगवार के भतीजे को शिकार, हालत स्थिर
Last Updated:
बरेली में चाइनीज मांझे के कारण एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना मंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे आदित्य वीर गंगवार गंभीर रूप से घायल हो गए. स्कूटी से सफर के दौरान बारादरी पुल पर चाइनीज मांझे ने उनकी गर्दन, होंठ और हाथों को बुरी तरह काट दिया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने तीन घंटे की सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर बताई है. घटना के बाद प्रशासन ने अवैध चाइनीज मांझे पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
बरेली में चाइनीज मांझे ने एक बार फिर बड़ा हादसा कर दिया. उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना मंत्री संजय गंगवार के भतीजे 15 वर्ष के आदित्य वीर गंगवार की स्कूटी से सफर के दौरान बारादरी पुल पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से गर्दन, होंठ और हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए.
मांझा इतना खतरनाक था कि आदित्य के मुंह से कान तक और कान से गर्दन तक गहरे जख्म हो गए और वह लहूलुहान हो गया. घटना के बाद उन्हें तत्काल बरेली के ईशान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बिना देरी किए उनका ऑपरेशन किया.
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार आदित्य की उंगली, होंठ और गर्दन पर गंभीर चोटें थीं. करीब तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद अब उनकी हालत स्थिर है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है.
घटना की जानकारी मिलते ही गन्ना मंत्री संजय गंगवार ईशान हॉस्पिटल पहुंचे और भतीजे का हालचाल जाना. उन्होंने अधिकारियों को अवैध चाइनीज मांझे की बिक्री पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
गौरतलब है कि शहर में पहले भी चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें