नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बरस रहे बदरा, आ रहा 70km/h की रफ्तार से तूफान!
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसमी उतार-चढ़ाव का दौर लगातार जारी है. इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों के लिए आंधी, तूफान, गर्जन और झमाझम बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी. इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है. कहीं न कहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही भी देखने को मिल रहा है. यूपी के नोएडा-ग्रेटर नोएडा में तेज हवाएं चल रही हैं. बारिश हो रही है.
मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ खत्म हो चुका है. लेकिन फिर भी हवा में नमी है और कुछ जिलों में मौसम एक्टिव है. मौसम विभाग के मुताबिक सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर जिले में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है. हालांकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने वाला है.
बदल गया मौसम
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अचानक से मौसम बदल गया है. काले बादल आसमान में छा गए हैं. जोर जोर से हवा चल रही है. बारिश भी हो रही है. अगर घर से निकलने की सोच रहे हैं तो सावधान हो जाइए.
यहां गर्मी का प्रकोप
हालांकि, कुछ जगह अब भी गर्मी का प्रकोप है. आजमगढ़ में पिछले दो दिनों से बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली थी. वहीं कल से मौसम में फिर एक बार उमस और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही हैं. इससे गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं. बहराइच में भी मंगलवार को सुबह से ही निकली रही धूप. बढ़ते दिन के साथ-साथ गर्मी भी बढ़ रही है. धीमी गति से हवा के नाम पर डोल रहे पेड़ पौधे.
वहीं, मेरठ में सुबह से ही भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है. सुबह 7:00 बजे से ही तेज धूप निकल रही है. जिससे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास है. मौसम विभाग के अनुसार दोपहर तक इसी तरह की गर्मी का एहसास लोगों को झेलना होगा. शाम को जरुर थोड़ा बहुत परिवर्तन हो सकता है.
5से 7 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके चलते लोगों को एक बार फिर तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि फिलहाल लू चलने की संभावना कम है. पिछले तीन दिनों से प्रदेश में आंधी और बारिश का जो दौर चल रहा था, वह अब थम गया है. ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है, जबकि पूर्वी और तराई के कुछ जिलों में हल्की बारिश लोगों को राहत दे सकती है.
यूपी में कबतक आएगा मानसून
मानसून को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हरियाणा के पास बने पश्चिमी विक्षोभ और पाकिस्तान से लेकर बांग्लादेश तक जा रही हवा के कम दबाव के चलते सूबे में पिछले कुछ दिनों से बारिश और तेज हवाएं चल रही थीं. अब यह सिस्टम कमजोर पड़ रहा है, जिससे वातावरण में नमी कम होगी और धूप तेज होगी. यूपी के लोगों को अभी मानसून के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि सूबे में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं. इस वजह से कुछ दिनों तक झुलसने वाली गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं.
क्या बोले मौसम वैज्ञानिक
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि वर्तमान में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय है. इसके साथ ही हरियाणा के पास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है. इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसी को देखते हुए पश्चिमी यूपी के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उन्होंने बताया कि इसके बाद फिलहाल किसी बड़े अलर्ट की संभावना नहीं है और प्रदेश में छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं तापमान की बात करें तो कोई सक्रिय मौसम प्रणाली न होने के कारण अगले एक सप्ताह तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है.