बारिश से पहले धोकर सुखा लें गेहूं, एक्सपर्ट से जानें कीड़ों से बचाने के टिप्स
Last Updated:
Wheat Storage Tips in Monsoon: मॉनसून की दस्तक के साथ ही अगर आप भी घर में चक्की का पिसा शुद्ध आटा इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. बारिश के मौसम में धूप न निकलने के कारण गेहूं को धोना और सुखाना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है. यदि इस समय लापरवाही बरती गई, तो सालभर का राशन घुन और कीड़ों की भेंट चढ़ सकता है. सुल्तानपुर की घरेलू एक्सपर्ट पुष्पा देवी से जानिए वे खास टिप्स, जिन्हें आजमाकर आप बारिश से पहले ही अपने गेहूं को सुरक्षित स्टोर कर सकते हैं, ताकि आने वाले 3-4 महीनों तक आपको शुद्ध और बढ़िया आटा मिलता रहे.
Wheat Storage Tips in Monsoon: इस समय गर्मी का मौसम चल रहा है और कुछ ही दिनों में बारिश का मौसम आने वाला है. बारिश के मौसम में किसी भी चीज को सुखाने में काफी समय लगता है, या फिर यूं कहें कि बारिश के चलते हम अपने सामान को जल्दी सुखा नहीं पाते हैं. ऐसे में अगर आप भी गेहूं चक्की पर पीसकर उसका आटा खाते हैं, तो आपको सावधान होने की जरूरत है. अब आपके पास कुछ ही दिन बचे हुए हैं, जिनमें आप गेहूं धोकर सुखा सकते हैं, क्योंकि बारिश शुरू होने के बाद फिर गेहूं सूखने में काफी मुश्किल होने लगती है. ऐसे में आज हम जानेंगे कि बारिश के पहले गेहूं किस तरह से धोएं और इसे बारिश के पहले सुखाना क्यों जरूरी है, ताकि आने वाले तीन-चार महीने हमें आटे की दिक्कत न होने पाए.
बारिश से पहले जरूर करें यह काम
घरेलू महिला व एक्सपर्ट पुष्पा देवी ‘लोकल 18’ से बातचीत में बताती हैं कि बारिश के मौसम की शुरुआत होने वाली है. ऐसे में हमें अगले तीन-चार महीनों के लिए गेहूं धोकर स्टोर कर लेना चाहिए. इसका कारण यह है कि बारिश के मौसम में गेहूं की धुलाई तो की जा सकती है, लेकिन उसे सुखाने में काफी मुश्किल होती है. अगर बारिश के मौसम में हम लोग गेहूं धोते हैं, तो वातावरण में नमी की मात्रा अधिक होने से गेहूं के दाने अच्छे से नहीं सूख पाते हैं. जब हम इसे स्टोर करके कुछ दिनों के लिए रखना चाहते हैं, तो उसमें घुन लगना शुरू हो जाता है.
गेहूं सुखाते वक्त इन बातों का रखें विशेष ध्यान
पुष्पा देवी आगे बताती हैं कि गेहूं धोने के बाद जब भी आप उसको सुखाने के लिए धूप में रखें, तो कम से कम 2 से 3 दिन तक इसे अच्छे से सुखा लें ताकि इसमें बिल्कुल भी नमी न रह जाए. ऐसा इसलिए क्योंकि अगर गेहूं धोने के बाद इसमें थोड़ी सी भी नमी रह जाती है, तो गेहूं में घुन और कीड़े लगने की संभावना अत्यधिक बढ़ जाती है. ऐसे में जब भी गेहूं धोएं, तो इसे अच्छे से कड़ी धूप में सुखाएं. यह तभी संभव हो पाएगा जब आप इसे बारिश का मौसम शुरू होने के पहले ही धो लेंगे, क्योंकि मॉनसून की शुरुआत के बाद इसे अच्छे से सुखा पाना बेहद मुश्किल हो जाएगा. इस तरीके से जब गेहूं पीसकर आटा तैयार होता है, तो वह बेहतर होता है और उसमें किसी भी प्रकार का कोई किरकिरापन नहीं होता है.
गेहूं धोने के पहले अपनाएं यह तरीका
गेहूं धोने के समय सबसे पहले आप इसे कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें. दो-तीन घंटे गेहूं को भिगोने के बाद जब उसकी मिट्टी पूरी तरीके से गल जाए, तो गेहूं को किसी सूती कपड़े या फिर जाली से छान लेना चाहिए. इससे गेहूं बेहद अच्छे तरीके से साफ हो जाता है. ध्यान रहे कि गेहूं को कम से कम दो से तीन पानी में, अच्छे से हाथों से रगड़कर और मटकारकर धोना चाहिए. इससे गेहूं में लगी हुई किसी भी प्रकार की गंदगी पूरी तरह साफ हो जाती है और आप इसे इस बारिश के मौसम में स्टोर करके अच्छे से सुरक्षित रख सकते हैं.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें