आगरा: पति को मार बाथरूम में दफनाया, 45 दिन तक खोजने का नाटक करती रही पत्नी
Last Updated:
Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. एक पत्नी ने न सिर्फ अपने पति की बेरहमी से हत्या की, बल्कि उसकी लाश को घर के ही बाथरूम में दफना दिया. दिल दहला देने वाली बात यह है कि हत्या के बाद वह करीब 45 दिनों तक पुलिस के साथ मिलकर पति को खोजने का नाटक भी करती रही. लेकिन जब राज खुला, तो पुलिस से लेकर पड़ोसियों तक के पैरों तले जमीन खिसक गई.
Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. आगरा के सिकंदरा स्थित प्राची टॉवर चौकी की रुनकता धाम कॉलोनी की यह घटना है. दरअसल, 18 मई को मृतक सुरेंद्र की पत्नी रूबी पुलिस थाने पहुंचकर अपने पति की गुमशुदगी दर्ज कराती है. पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर सुरेंद्र को ढूंढने में जुट जाती है. इस दौरान दिन-रात पत्नी रूबी भी नाटकीय अंदाज में पुलिस के साथ पति को ढूंढने का नाटक करती रहती है. करीब 45 दिन गुजर जाने के बाद जब परिजनों ने पत्नी रूबी से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया. एसीपी हरीपर्वत ने बताया कि रूबी ने कुबूल किया है कि उसने पति की हत्या कर शव को घर के ही बाथरूम में दफना दिया था.
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी होते ही परिजन पुलिस के पास पहुंचे और जब बाथरूम की खुदाई की गई, तो उसमें से सुरेंद्र का शव बरामद हुआ. इसके बाद आरोपी रूबी को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है. सुरेंद्र के कंकाल को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. पत्नी रूबी ने इस खौफनाक घटना को अंजाम क्यों दिया और क्या रूबी के अलावा कोई और भी इस साजिश में उसके साथ शामिल था, इस सब की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा.
शराब के कारण रोज होता था पति-पत्नी में विवाद
मृतक सुरेंद्र के पड़ोसी बाबूलाल ने बताया कि जिसकी हत्या हुई है, वह लड़का वैसे तो अच्छे स्वभाव का था. उन्होंने कहा कि वह शाम के समय आए दिन शराब पीकर आता था. शराब के कारण दोनों पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था और कई बार तो विवाद सड़क तक आ जाता था, लेकिन कोई भी पड़ोसी बीच में नहीं बोलता था. पड़ोसी बाबूलाल ने कहा कि कई बार झगड़ा अपने आप शांत भी हो जाया करता था, लेकिन कभी-कभी मारपीट तक की नौबत आ जाती थी.
उन्होंने कहा कि किसी भी पड़ोसी को यह अंदाजा नहीं था कि इतनी बड़ी घटना हो सकती है. बाबूलाल ने कहा कि दोपहर में जब पुलिस आई, तब जाकर घटना की जानकारी हो पाई कि उनकी पड़ोसी रूबी ने पति सुरेंद्र की हत्या कर उसे घर में ही दफना दिया है. सुबह से ही यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.
इलाके में मशहूर दर्जी थी हत्यारोपी रूबी
मृतक सुरेंद्र की पत्नी रूबी अपने मकान में ही रहकर महिलाओं के कपड़े सिलने का कार्य करती थी. पड़ोसी बाबूलाल और उनकी बुजुर्ग पत्नी ने बताया कि उनकी पड़ोसी रूबी उनके और आस-पास के लोगों के सूट-सलवार आदि सिलकर अपना गुजारा करती थी. उन्होंने कहा कि उसके हाथ में कला थी और उसके हाथों के सिले कपड़े आस-पास के क्षेत्रों में काफी मशहूर थे. स्थानीय लोग रूबी को ही अपने कपड़े सिलने के लिए देते थे, लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह रूबी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकती है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें