आरव के कातिल को मिली फांसी, लेकिन पिता ने सुनाई कुछ और ही कहानी
Last Updated:
Firozabad News: यूपी के फिरोजाबाद में बीते 30 मई को एक शख्स ने 18 महीने के आरव को पटक-पटकर मार डाला था. वह उस बच्चे की मां से और रिश्ते में लगने वाली भाभी से शादी करना चाहता था. अब कोर्ट ने उस दोषी को फांसी की सजा सुना दी है लेकिन मृतक आरव के पिता ने अपनी पत्नी और सास की जांच कराने की मांग की है.
मृतक आरव के पिता ने पत्नी और सास की जांच करने की मांग रखी.
बदायूं: यूपी के फिरोजाबाद में डेढ़ साल के बच्चे आरव को जमीन पर पटक-पटककर मारने वाले आरोपी विराज पाठक को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है. कोर्ट ने यह फैसला एक महीना 10 दिन में दिया है. कोर्ट द्वारा सुनाई गई सजा से मृतक बच्चे के पिता सुमित शर्मा संतुष्ट हैं. लेकिन उनका कहना है कि इस मामले में पुलिस को मेरी पत्नी (बच्चे की मां) रति और मेरी सास पिंकी की भूमिका भी जांच करनी चाहिये. बच्चे के पिता सुमित के मुताबिक, आरोपी विराज पाठक बदायूं जिले के शेखुपुर का ही रहने वाला है. वह इतनी दूर फिरोजाबाद क्यों गया और घटना को अंजाम देने के पीछे उसकी मंशा क्या थी? इसमें कहीं ना कहीं मेरी पत्नी और सास का षडयंत्र है.
दरअसल, पूरा मामला फिरोजाबाद का है. जहां विगत 30 मई को दोषी विराज पाठक ने डेढ़ साल के मासूम आरव को पटक-पटककर मार दिया था. इस घटना का सीसीटीवी भी वायरल हुआ था. जिसमें साफ देखा गया था कि विराज पाठक बच्चे को कई बार जमीन पर पटक कर उसकी हत्या कर देता है और फिर मौके से फरार हो जाता है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान विराज को गिरफ्तार किया था.
मृतक आरव के पिता ने क्या कहा?
आपको बता दें कि विराज पाठक बदायूं जिले के शेखूपुर कस्बे का रहने वाला है. जबकि मृतक बच्चे के पिता सुमित शर्मा मंडी समिति के पास रहते हैं. उनका कहना है कि वह हमारा रिश्तेदार नहीं है. उनका आरोप है कि वह कैसे फिरोजाबाद पहुंचा? किसने उसे बुलाया और पूरी घटना को अंजाम दिलवाया, इसकी पुलिस को जांच करनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में पुलिस को मेरी पत्नी रति और मेरी सास पिंकी की भूमिका की भी जांच करनी चाहिए, जिससे घटना के कारणों का पता चल सके. कोर्ट के निर्णय पर आरव के पिता संतुष्ट है. पिता के मुताबिक उनके बेटे आरव को गायों से खेलना बहुत पसंद था.
फांसी की सजा सुनाए जाने से हम संतुष्ट
मृतक बच्चे के पिता सुमित का कहना है कि फांसी की सजा सुनाए जाने से हम संतुष्ट हैं. जब फांसी हो जाएगी तो पूर्ण संतुष्टि मिल जाएगी. उसने मेरे डेढ़ साल के बच्चे को पटक-पटक के मारा है. सुमित के मुताबिक घटना के वक्त वह बदायूं में थे उनके पास फोन आया कि बच्चे का एक्सीडेंट हो गया है. जब सीसीटीवी फुटेज सामने आई तो घटना के बारे में पूरी जानकारी हुई.
मेरी पत्नी का भी इंवॉल्वमेंट
उन्होंने बताया कि हमारी दोषी से कोई रिश्तेदारी नहीं थी, यह शेखूपुर का रहने वाला था. उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच अगर हो जाए तो कहीं ना कहीं मेरी पत्नी का भी इंवॉल्वमेंट निकल कर सामने आएगा. वरना आरोपी इतनी दूर किस कारण से गया था? उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं मेरी बीवी और मेरी सास की भूमिका की जांच हो इन दोनों का षड्यंत्र भी इस घटना में है.
2024 में हुई थी लव मैरिज
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मो. सिया राम नगर के रहने वाले प्रियंक शमी उर्फ सुमित शर्मा का ननिहाल फिरोजाबाद के अरांव क्षेत्र के बामई गांव में है. नानी और मौसी के घर आने-जाने के दौरान गांव की रहने वाली रति शर्मा से उनकी मुलाकात हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. करीब तीन साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने 18 फरवरी 2024 को लव मैरिज कर ली. 9 जनवरी 2026 को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ.
बेटे को लेकर मायके चली गई थी पत्नी
इसके बाद रति अपने डेढ़ साल के बेटे आरव के साथ मायके चली गईं और वहीं रहने लगीं. सुमित के परिवार में उनकी मां और दो भाई अंकित और राघव हैं. पिता सत्यप्रकाश शर्मा होमगार्ड थे. उनके निधन के बाद बड़े भाई अंकित का मृतक आश्रित कोटे से होमगार्ड में चयन हुआ, जबकि छोटा भाई किराये पर ई-रिक्शा चलवाता है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें