प्रेम, गुस्सा और बमबाजी… प्रयागराज में सनसनीखेज वारदात का खुलासा
प्रयागराज में करेली थाना पुलिस और एसओजी नगर की संयुक्त टीम ने बमबाजी की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय अरमान पुत्र मुशर्रत खान निवासी करामत की चौकी, थाना करेली और 26 वर्षीय आमिर पुत्र हैदर निवासी 60 फीट रोड, थाना करेली के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध देशी बम, दो मोबाइल फोन और 50 रुपये नकद बरामद किए हैं.
विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं
इस मामले में करेली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 139/2026 बीएनएस की धारा 288, 352 और 351(3) के तहत दर्ज है. गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 भी बढ़ाई गई हैं.
13 जुलाई को अलीना सिटी मोड़ से हुई गिरफ्तारी
पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को 13 जुलाई को थाना करेली क्षेत्र के अलीना सिटी मोड़ से गिरफ्तार किया.
पूछताछ में सामने आई साजिश
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे राजा अली के करीबी मित्र हैं. राजा अली का निकाह नजमा बेगम की बेटी गौसिया से हुआ था, लेकिन गौसिया उसे छोड़कर चली गई थी. इससे नाराज होकर राजा अली अपने ससुराल वालों से बदला लेना चाहता था. उसने अपना प्लान दोनों आरोपियों को बताया और उन्हें इसमें शामिल कर लिया.
ससुराल में की थी बमबाजी
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन राजा अली, अरमान और आमिर एक ही बाइक से जीटीबी नगर स्थित राजा अली के ससुराल, मकान संख्या ए-338/3 पहुंचे थे. सबसे पहले राजा अली ने घर पर बम फेंका, जिसके बाद अरमान और आमिर ने भी एक-एक बम फेंका.
बमबाजी के बाद तीनों ने राजा अली के ससुराल वालों को गालियां दीं और धमकी दी कि जल्द गौसिया को राजा अली के पास भेज दें, नहीं तो उनके बच्चों को जान से मार देंगे. इसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए.
मुंबई भागने की थी तैयारी
घटना के बाद राजा अली अलग ट्रेन से फरार हो गया, जबकि अरमान और आमिर भी भागने की फिराक में थे. दोनों ने मुंबई जाने के लिए टिकट भी करा लिए थे. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी राजा अली की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं.