बारिश में गीले जूते-मोजे पहनकर घूम रहे हैं घंटों? हो जाएं सावधान, हो सकती है बड़ी परेशानी

0
बारिश में गीले जूते-मोजे पहनकर घूम रहे हैं घंटों? हो जाएं सावधान, हो सकती है बड़ी परेशानी


Last Updated:

Monsoon Health Care Tips: बरसात में भीगना भले ही आपको अच्छा लगे, लेकिन गीले जूते और मोजे लंबे समय तक पहने रखना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. लगातार नमी की वजह से पैरों में फंगल इंफेक्शन, खुजली, बदबू और जलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं. त्वचा रोग विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के मौसम में पैरों को सूखा और साफ रखना बेहद जरूरी है. जानिए किन छोटी-छोटी सावधानियों से आप बरसात में पैरों को संक्रमण से बचा सकते हैं.

Monsoon Health Care Tips: बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं इस मौसम में छोटी-सी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है. खासकर बारिश में भीगे जूते और मोजे लंबे समय तक पहने रहने से पैरों में फंगल इंफेक्शन, खुजली, बदबू और त्वचा से जुड़ी कई परेशानियां हो सकती हैं. गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या द्विवेदी का कहना है कि बरसात में पैरों को साफ और सूखा रखना बेहद जरूरी है. थोड़ी-सी सावधानी बरतकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है.

बरसात में लगातार नमी और पसीने के कारण पैरों में बैक्टीरिया और फंगस तेजी से बढ़ने लगते हैं. कई लोग बारिश में भीगने के बाद भी गीले जूते और मोजे पहने रहते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. शुरुआत में पैरों में खुजली, लालपन, जलन और बदबू जैसी समस्या होती है, लेकिन समय पर ध्यान न देने पर त्वचा फटने और घाव जैसी परेशानी भी हो सकती है.

बारिश में पैर भीग जाएं तो तुरंत करें ये काम
डॉ. दिव्या द्विवेदी ने बताया कि अगर बारिश में पैर भीग जाएं तो सबसे पहले गीले जूते और मोजे उतार देने चाहिए. इसके बाद पैरों को साफ पानी से धोकर सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछना जरूरी है. खासतौर पर उंगलियों के बीच की जगह को पूरी तरह सूखा रखें, क्योंकि फंगल इंफेक्शन की शुरुआत अक्सर इसी हिस्से से होती है.

अगर गंदे पानी में चलने के बाद पैरों में खुजली शुरू हो जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है. पैरों को अच्छी तरह साफ करके मॉइश्चराइजर लगाया जा सकता है. लेकिन अगर उंगलियों के बीच सफेद परत जमने लगे, ज्यादा जलन हो, त्वचा फटने लगे या एक सप्ताह तक समस्या ठीक न हो तो डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए. यह फंगल इंफेक्शन का संकेत हो सकता है, जिसमें एंटी-फंगल दवाओं की जरूरत पड़ सकती है.

लंबे समय तक जूते पहनने वाले रखें खास ध्यान
डॉक्टर के अनुसार, जो लोग दिनभर जूते पहनते हैं उन्हें बरसात में ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए. जूते पहनने से पहले पैरों को साफ और पूरी तरह सूखा रखना चाहिए. रोजाना साफ और सूखे मोजे पहनें. बारिश के मौसम में कॉटन के मोजे पहनना बेहतर माना जाता है, क्योंकि ये पैरों की नमी को काफी हद तक सोख लेते हैं.

इन लोगों में संक्रमण का खतरा ज्यादा
डॉ. दिव्या द्विवेदी ने बताया कि डायबिटीज के मरीज, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है या जिनके पैरों में ज्यादा पसीना आता है, उनमें फंगल इंफेक्शन का खतरा अधिक रहता है. ऐसे लोगों को पैरों में किसी भी तरह की परेशानी नजर आने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए. बरसात के मौसम में पैरों की साफ-सफाई और उन्हें सूखा रखना ही संक्रमण से बचने का सबसे आसान तरीका है. समय पर ध्यान देने से फंगल इंफेक्शन जैसी परेशानियों को बढ़ने से रोका जा सकता है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *