नाम- सुल्तान मिर्जा, क्राइम- 250 करोड़ का फ्रॉड, पता- दुबई, खोज रही UP पुलिस
Last Updated:
Cyber Crime News: कानपुर के 250 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड के तार विदेश तक जुड़ गए हैं. इसका मास्टरमाइंड बिहार के सासाराम का रहने वाला अभय शुक्ला उर्फ ‘सुल्तान मिर्जा’ है. वह दुबई भाग गया है और वहां करोड़ों रुपये उड़ा रहा है. कानपुर पुलिस ने उसके दो खास गुर्गों, राजवीर और शुभम सिन्हा (50-50 हजार के इनामी), को गिरफ्तार कर लिया है. दुबई के होटलों में सुल्तान मिर्जा की रंगरेलियों के वीडियो भी सामने आए हैं. कानपुर पुलिस अब यूएई (UAE) एजेंसियों के साथ मिलकर इसे भारत लाने की तैयारी कर रही है. हालांकि, ये भी दावा किया जा रहा है कि वह पुलिस गिरफ्त से फरार चल रहा है.
250 करोड़ का साइबर फ्रॉड करने वाला सासाराम का अभय शुक्ला
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में 250 करोड़ रुपये के भारी-भरकम साइबर फ्रॉड का लिंक बिहार से होते हुए दुबई पहुंच चुका है. बिहार के सासाराम के रहने वाले अभय शुक्ला उर्फ ‘सुल्तान मिर्जा’ इस कांड का सरगना है. फिलहाल यह पुलिस की गिरफ्त से फरार दुबई में रंगरेलिया मना रहा है. कानपुर पुलिस को इसकी तलाश काफी दिनों से हैं. हालांकि, शुक्रवार को इस केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस हवाले से बताया जा रहा है कि सुल्तान के गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
250 करोड़ रुपये के इस की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, इस गिरोह के विदेशी कनेक्शन भी साफ होते जा रहे हैं. पुलिस की जांच के अनुसार, सासाराम निवासी अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा इस पूरे काले कारोबार का बॉस है. आरोप है कि वह दुबई में सुरक्षित बैठकर भारत में साइबर ठगी और अवैध ट्रांजेक्शन के इस विशाल नेटवर्क को रिमोट कंट्रोल से संचालित कर रहा था. उसके पास से ठगी के करोड़ों रुपये हवाला के जरिए यूएई पहुंच रहे थे.
50-50 हजार के इनामी राजवीर
कानपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सुल्तान मिर्जा के दो खास गुर्गों – राजवीर और शुभम सिन्हा को गिरफ्तार किया है. इन दोनों ही आरोपियों पर पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. इससे पहले अप्रैल महीने में पुलिस ने चार भ्रष्ट बैंककर्मियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था. जांच में यह साफ हुआ था कि इन बैंककर्मियों की मिलीभगत से ही ठगी की मोटी रकम को विभिन्न बैंक खातों के जरिए इधर-उधर ट्रांसफर किया जाता था.
दुबई के होटलों में उड़ा रहा पैसे
इस सरगना की दबंगई और अय्याशी का आलम यह है कि पुलिस को सुल्तान मिर्जा के कई ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें वह दुबई के महंगे होटलों में रंगरेलियां मनाता दिख रहा है. वीडियो में वह पार्टियां कर रहा है, डांस कर रहा है और भारत के लोगों की गाढ़ी कमाई के पैसे पानी की तरह उड़ा रहा है. कानपुर पुलिस अब इन वीडियो की भी फोरेंसिक और तकनीकी जांच कर रही है.
यूएई पुलिस के संपर्क में कानपुर पुलिस
एडीसीपी (ऑपरेशन) सुमित रामटेक के मुताबिक, इस अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट से जुड़े कई और चेहरे जल्द ही बेनकाब होंगे. विदेश में छिपे इस मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है. दुबई, शारजाह समेत कई देशों में फैले इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए कानपुर पुलिस विदेशी जांच एजेंसियों और यूएई पुलिस के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही ‘सुल्तान मिर्जा’ को भारत लाकर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …
और पढ़ें