यूपी में जमकर बरस रहे हैं बादल, मौसम विभाग की चेतावनी, हर तरफ होगा पानी ही पानी
लखनऊः उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. सूबे के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी में मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि आज और कल प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की संभावना है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पांच से सात अगस्त के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होगी. इसके बाद बारिश में गिरावट आएगी.
इन जिलों में है भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, हमीरपुर व उसके आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में है भारी बारिश का येलो अलर्ट
प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, शामली, बागपत, मेरठ, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, महोबा व आस पास के क्षेत्रों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ में अबतक की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, इस समय मौसम प्रणाली पूरी तरह बारिश के अनुकूल बनी हुई है. अफगानिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके साथ ही मानसून ट्रफ उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर और बस्ती से होकर गुजर रही है, जबकि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है. इन सभी मौसम प्रणालियों के संयुक्त असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है और लखनऊ में भी अब तक की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है.
लगातार बारिश से तापमान में गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. लगातार बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौसम सुहाना और लोगों के लिए अनुकूल बना रहेगा. हालांकि भारी बारिश, जलभराव और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की गई है.