कुंवारी बेटी हो गई प्रेग्नेंट, पिता बोला-चलो दवा दिला दूं, फिर अकेले लौटे वापस
Last Updated:
Agra Latest News: यूपी के आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक युवती शादी से पहले प्रेग्नेंट हो गई, तो पिता ने बेटी की गुस्से में हत्या कर दी. आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है.
चंबल नदी में पिता ने बेटी को डुबोकर मार डाला.
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या करने का आरोप है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसे सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए.
मामला आगरा के बसोनी थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, परिवार दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र में रहता था. आरोप है कि पिता अपनी बेटी को इलाज और दवाई दिलाने के बहाने आगरा लेकर आया. इसके बाद वह उसे चंबल नदी के किनारे ले गया और पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी.
हत्या करने के बाद आरोपी वापस दिल्ली पहुंचा और खुद ही अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी. इतना ही नहीं, उसने पुलिस और रिश्तेदारों के सामने बेटी की तलाश करने का भी नाटक किया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
मामले में नया मोड़ तब आया, जब पुलिस को लड़की का मोबाइल फोन मिला. मोबाइल की जांच और उससे जुड़े सबूतों के आधार पर पुलिस का शक पिता पर गया. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस जांच में सामने आया कि लड़की का किसी युवक से प्रेम संबंध था. आरोप है कि वह गर्भवती भी हो गई थी. इसी बात से नाराज पिता ने बेटी की हत्या की साजिश रची. वह उसे इलाज के बहाने आगरा लाया और चंबल नदी में डुबोकर उसकी जान ले ली.
फिलहाल दिल्ली पुलिस आरोपी पिता को लेकर आगरा पहुंची है. स्थानीय पुलिस की मदद से चंबल नदी और आसपास के इलाके में युवती के शव की तलाश की जा रही है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें