समधी की गिरफ्तारी के बाद छलका BJP विधायक ज्ञान तिवारी का दर्द, बोले- ठगा हुआ महसूस कर रहा
Last Updated:
MLA Gyan Tiwari Sitapur: सीतापुर से बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज त्रिवेदी पर लगे ठगी के आरोपों को लेकर पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है. अपनी बेटी के साथ फेसबुक लाइव पर आए विधायक ने कहा कि जिस परिवार पर भरोसा कर उन्होंने बेटी की शादी की थी, उसी पर गंभीर आरोप सामने आने से वह आहत हैं. उन्होंने अनुज त्रिवेदी से सभी रिश्ते खत्म करने की बात कही और कहा कि जरूरत पड़ी तो बेटी की ओर से कानूनी कार्रवाई भी कराई जाएगी. बता दें कि अनुज त्रिवेदी पर कई महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगी करने के आरोप लगे हैं, जिनकी जांच चल रही है.
समधी की गिरफ्तारी के बाद छलका BJP विधायक ज्ञान तिवारी का दर्द
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की सेउता विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज त्रिवेदी पर लगे गंभीर आरोपों के बीच पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है. बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ फेसबुक लाइव के माध्यम से उन्होंने अपनी बात रखी. इस दौरान विधायक भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि जिस परिवार पर भरोसा कर उन्होंने अपनी बेटी की शादी की थी, वही बाद में धोखाधड़ी के गंभीर आरोपों में घिरा मिला. इसलिए अब उन्होंने उस परिवार से सभी रिश्ते तोड़ लिए है.
ज्ञान तिवारी ने बताया कि साल 2024 में उन्होंने अपनी बेटी की शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से की थी. शादी से पहले उन्हें बताया गया था कि प्रखर रियल एस्टेट का कारोबार करता है और उनका परिवार अच्छा व सम्मानित है. कई परिचित लोगों की सलाह के बाद उन्होंने यह रिश्ता तय किया, लेकिन अब सामने आए मामलों के बाद वह खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं.
बेटी को डॉक्टर बनाया, अब कार्रवाई के लिए भी तैयार
वीडियो में विधायक ने आगे कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाकर डॉक्टर बनाया है और वह पूरी तरह आत्मनिर्भर है. अगर उनकी बेटी चाहेगी तो वह अनुज त्रिवेदी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराएंगे. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
अनुज त्रिवेदी पर क्या हैं आरोप?
बता दें कि अनुज त्रिवेदी जो कि बीजेपी विधायक के समधी हैं. उन पर अलग-अलग राज्यों की कई महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगी करने के आरोप लगे हैं. उनके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और अलग-अलग मामलों की जांच चल रही है.
पीड़ित महिलाओं ने सौंपा शिकायती पत्र
वहीं, इस बीच महाराष्ट्र और प्रयागराज की कुछ महिलाओं ने सीतापुर पहुंचकर एडीएम आयुष चौधरी को सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा है. महिलाओं का आरोप है कि अनुज त्रिवेदी ने कई महिलाओं को शादी का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपये और जेवरात की ठगी की. शिकायत में आरोपी की संपत्ति कुर्क कर पीड़िताओं का पैसा और जेवर वापस दिलाने की मांग भी की गई है. महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव के कारण उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो रही है. हालांकि एडीएम ने पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश पुलिस को दिए हैं.
करोड़ों की ठगी और 25 महिलाओं से शादी के आरोप
शिकायतकर्ता महिलाओं का दावा है कि अनुज त्रिवेदी ने अलग-अलग राज्यों की करीब 25 महिलाओं को शादी का झांसा देकर उनसे लगभग 600 करोड़ रुपये और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी की ठगी की. इन आरोपों की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं. फिलहाल इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
महाराष्ट्र की जेल में बंद है आरोपी
अनुज त्रिवेदी फिलहाल महाराष्ट्र के एक मामले में जेल में बंद है. उस पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोप है कि वर्ष 2016 से 2021 के बीच भी उसने कई महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगी की. वहीं, विधायक ने दावा किया कि प्रखर त्रिवेदी पर भी कई शादियां करने के आरोप सामने आए हैं.
अपने फेसबुक लाइव के दौरान ज्ञान तिवारी ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जिस परिवार को उन्होंने अपनी बेटी के लिए चुना, वह इतने गंभीर आरोपों में घिरा होगा. उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करे और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
About the Author

Seema Nath is a digital journalist and content creator with 6 years of experience in journalism, including ground reporting, regional news coverage and feature writing. She currently works as a Content Producer…
और पढ़ें