शादी के लिए अब महंगा लॉन बुक करने की जरूरत नहीं, सुल्तानपुर के गांवों में बनेंगे उत्सव भवन
Last Updated:
Sultanpur News: सुल्तानपुर के गांवों में अब शादी-विवाह और दूसरे कार्यक्रमों के लिए महंगे लॉन बुक करने की मजबूरी कम होने वाली है. सरकार गांवों में पंचायत उत्सव भवन बनाने जा रही है, जहां ग्रामीण कम खर्च में अपने कार्यक्रम कर सकेंगे. इन भवनों में हॉल, स्टेज या मंडप, कमरे, शौचालय और रसोई जैसी जरूरी सुविधाएं भी होंगी. खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और बारिश के मौसम में होने वाली शादियों के लिए यह सुविधा काफी राहत देने वाली साबित हो सकती है.
सुल्तानपुर: गांवों में शादी-विवाह या दूसरे कार्यक्रम करना कई परिवारों के लिए आसान नहीं होता. खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कार्यक्रम के लिए महंगे लॉन बुक करने पड़ते हैं. बारिश के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है. अब सुल्तानपुर के ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिलने वाली है. जिले के गांवों में पंचायत उत्सव भवन बनाए जाएंगे, जहां ग्रामीण शादी-विवाह और दूसरे कार्यक्रम आसानी से कर सकेंगे.
सरकार की योजना के तहत प्रत्येक तहसील की एक ग्राम पंचायत में पंचायत उत्सव भवन बनाया जाएगा. सुल्तानपुर जिले को इसके लिए लक्ष्य मिल चुका है. डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल ने लोकल 18 को बताया कि सभी तहसीलों के एसडीएम के साथ बैठक कर जमीन की तलाश की जा रही है. जमीन मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
3000 वर्ग मीटर जमीन पर बनेगा भवन
पंचायत उत्सव भवन के लिए कम से कम 3000 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत होगी. भवन में एक बड़ा हॉल बनाया जाएगा. इसके साथ करीब 100 लोगों की क्षमता वाला स्टेज या मंडप भी होगा. भवन में तीन कमरे बनाए जाएंगे. इनमें से एक कमरा दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भू-तल पर बनाया जाएगा. इसके अलावा शौचालय और रसोई घर की सुविधा भी रहेगी.
ग्राम पंचायतों के जरिए चलेगी योजना
पंचायत उत्सव भवन योजना को ग्राम पंचायतों के माध्यम से पूरा किया जाएगा. इससे गांव के लोगों को शादी-विवाह और दूसरे कार्यक्रमों के लिए एक तय जगह मिल सकेगी. साथ ही गांवों में बुनियादी सुविधाएं भी बेहतर होंगी. सुल्तानपुर जिले की करीब 70 प्रतिशत आबादी गांवों में रहती है. ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की सुविधा की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी.
महंगे लॉन बुक करने से मिलेगी राहत
स्थानीय निवासी राम प्रकाश उर्फ गुड्डू सिंह ने बताया कि पहले गांवों में शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम कई बार स्कूलों में कराए जाते थे. अब स्कूलों में कार्यक्रम कराने पर रोक होने के कारण ग्रामीणों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है. खासकर बारिश के मौसम में बेटियों की शादी करना और भी मुश्किल हो जाता है. उन्होंने कहा कि पंचायत उत्सव भवन बनने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी. लोगों को शादी या दूसरे कार्यक्रमों के लिए महंगे लॉन बुक करने की जरूरत कम होगी. गांव में ही कार्यक्रम के लिए जगह मिलने से परिवारों का खर्च भी कम हो सकेगा.
About the Author
Seema Nath is a digital journalist and content creator with 6 years of experience in journalism, including ground reporting, regional news coverage and feature writing. She currently works as a Content Producer…
और पढ़ें