15 साल के लड़के ने किया पिता का कत्ल, फिर तस्वीर के आगे रोया और मेट्रो के आगे…
Last Updated:
Noida Crime News: नोएडा फेस-3 थाना क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव में गुमनाम और एकांत जिंदगी जी रहे 15 साल के एक किशोर (अमृत) ने अपने ही पिता राजू शर्मा की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद बेटे ने पिता की तस्वीर के सामने भावुक होकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी. इसके बाद उसने कपड़े बदले और नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर जाकर ट्रेन के आगे कूद गया. पिता ट्यूशन पढ़ाते थे, लेकिन बेटे को कैद रखते थे.
एक लड़के ने अपने पिता की हत्या कर खुद भी जान दे दी. कारण काफी हैरान करने वाला है.
नोएडा: दिल्ली-एनसीआर के नोएडा से 15 साल के बच्चे के खौफनाक कदम ने सबको हैरान कर दिया. थाना फेस-3 क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव में एक 15 वर्षीय लड़के ने कुल्हाड़ी से अपने ही पिता की हत्या कर दी. बाद में खुद भी मेट्रो के आगे कूदकर अपनी जान दे दी. जानकारी के अनुसार, लड़के के माता-पिता की 12 साल पहले तलाक हुई थी. ये बताया गया कि बच्चा सालों से आइसोलेशन की जिंदगी जी रहा था और पिता से काफी क्षुब्ध रहता था.
जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय राजू शर्मा अपने 15 साल के बेटे अमृत के साथ गढ़ी चौखंडी गांव में पांचवें फ्लोर (रूम नंबर A-5) में किराए पर रहते थे. राजू शर्मा पेशे से एक टीचर थे. घर-घर जाकर दूसरों के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे. दूसरों के बच्चों को पढ़ाने वाले पिता अपने बच्चे को कभी भी न तो स्कूल भेजा न कही बाहर जाने दिया. बच्चे का नाम अमृत था. उसे घर में किसी से मिलने की इजाजत नहीं थी. उसका कोई दोस्त नहीं था. वह बाहरी दुनिया से पूरी तरह कट चुका था. अमृत की मां भी 10-12 साल पहले ही राजू शर्मा से तलाक लेकर अलग हो चुकी थीं.
कुल्हाड़ी से किया कत्ल, फिर दी श्रद्धांजलि
लगातार घर में कैद रहने के कारण अमृत भयंकर फ्रस्ट्रेशन का शिकार हो गया था. पुलिस की जांच से पता चला कि इसी घुटन में उसने खौफनाक कदम उठाया. उसने एक कुल्हाड़ी का इंतजाम किया (हो सकता है ऑनलाइन मंगवाया हो) और जब उसके पिता घर आए, तो अमृत ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. पिता की हत्या के बाद अमृत को अपनी करनी पर पछतावा भी हुआ. वह पिता की एक तस्वीर के सामने बैठा, भावुक होकर रोया और उन्हें श्रद्धांजलि दी.
सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर दे दी जान
पिता की हत्या करने और रोने के बाद अमृत ने अपने खून से सने कपड़े बदले. वह घर से निकला और सीधे नोएडा सेक्टर-52 (Sector 52) मेट्रो स्टेशन पहुंचा. वहां उसने मेट्रो ट्रेन के आगे छलांग लगा दी और आत्महत्या कर ली. पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें