नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जल्द मिलेगा लाइसेंस, इस महीने से शुरू होंगी…
Last Updated:
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जल्द ही व्यावसायिक उड़ानें शुरू होंगी. DGCA अगले महीने एरोड्रम लाइसेंस जारी करेगा. ग्रामीणों का भूमि अधिग्रहण पर विरोध जारी है.
Jewar Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जल्द मिलेगा एरोड्रम लाइसेंस.
हाइलाइट्स
- नोएडा एयरपोर्ट को जल्द मिलेगा एरोड्रम लाइसेंस
- अप्रैल से नोएडा एयरपोर्ट पर शुरू होंगी उड़ानें
- भूमि अधिग्रहण पर ग्रामीणों का विरोध जारी
नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जल्द ही व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत होने वाली है. इसके लिए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा अगले महीने एयरपोर्ट को एरोड्रम लाइसेंस जारी किए जाने की संभावना है. इससे पहले DGCA की एक टीम एयरपोर्ट का दौरा करेगी और वहां के निर्माण कार्य, सुरक्षा व्यवस्था, उपकरणों और अन्य आवश्यक मापदंडों का गहन निरीक्षण करेगी.
जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अप्रैल में यात्री सेवाओं की शुरुआत का लक्ष्य रखा गया है. इसे ध्यान में रखते हुए, एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है. वर्तमान में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर और रनवे का काम पूरा हो चुका है. इसके अलावा, सभी आवश्यक उपकरणों की जांच भी पूरी कर ली गई है. दिसंबर में एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक वैलिडेशन फ्लाइट का परीक्षण किया गया था. इसके बाद, एयरपोर्ट के विकास का कार्य देख रही कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. ने जनवरी में DGCA के पास एरोड्रम लाइसेंस के लिए आवेदन किया था.
DGCA की टीम बारीकी से करेगी जांच
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि DGCA की टीम एयरपोर्ट का बारीकी से निरीक्षण करेगी. इस दौरान उपकरणों, सुरक्षा उपायों और संचालन से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी. एयरपोर्ट निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर विकासकर्ता कंपनी के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन और डॉ. अरुणवीर सिंह के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक भी हुई, जिसमें अब तक पूरे हुए कार्यों की समीक्षा की गई.
एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण पर विरोध जारी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार के लिए चल रही दूसरे चरण की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत ग्रामीणों का विरोध जारी है. विशेष रूप से रन्हेरा गांव में विस्थापन को लेकर ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है. बुधवार को धरने को 200 दिन पूरे हो गए. इस अवसर पर ग्रामीणों ने प्राचीन शिव मंदिर में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया. धरना 11 अगस्त 2024 को शुरू हुआ था, जब ग्रामीणों ने विस्थापन के बदले समान मूल्य की भूमि और अन्य सुविधाएं देने की मांग की थी. वहीं ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे. आने वाले दिनों में ग्रामीणों द्वारा एक महापंचायत बुलाने की भी योजना बनाई जा रही है.
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
March 06, 2025, 18:52 IST